चंडीगढ़ में दो सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा बाधित, जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की अपील
चंडीगढ़ के विद्या पथ पर सड़क रीकार्पेटिंग का काम शुरू हो गया है, जिससे अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। ...और पढ़ें

रीकार्पेटिंग वर्क के चलते सड़क पर ट्रैफिक रहेगा बाधित। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
विद्या पथ पर सड़क रीकार्पेटिंग कार्य प्रारंभ हुआ।
यातायात अलग-अलग चरणों में बाधित रहेगा।
जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर के विद्या पथ (वी-3 रोड) पर सड़क को बेहतर बनाने के लिए रीकार्पेटिंग वर्क शुरू हो गया है। इससे अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। वाहन चालकों को जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
रीकार्पेटिंग के पहले चरण में सेक्टर-41 की तरफ जाने वाली सड़क पर 16 सितंबर तक काम चलेगा। इस दौरान इस तरफ का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित अवधि में वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
सड़क बंद होने के कारण पीक आवर्स में आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसके बाद रीकार्पेटिंग वर्क का दूसरा चरण शुरू होगा। 17 सितंबर से 25 सितंबर तक सेक्टर-54 और सेक्टर-55 की तरफ सड़क पर काम किया जाएगा।
इस दौरान पूरी सड़क बंद नहीं की जाएगी, लेकिन एक हिस्से को निर्माण कार्य के लिए बंद रखा जाएगा। सड़क के दूसरे हिस्से से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। इससे ट्रैफिक पूरी तरह बाधित नहीं होगा, लेकिन वाहन चालकों को धीमी गति और सावधानी के साथ गुजरना होगा।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि निर्माण कार्य वाले मार्ग पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्ते की योजना बनाकर निकलें। खासकर कार्यालय और स्कूल जाने वाले समय में वाहन चालक अतिरिक्त समय लेकर चलें।
निर्माण स्थल के आसपास बैरिकेडिंग और कार्यरत कर्मचारियों की मौजूदगी को देखते हुए वाहन चालकों को ओवरटेकिंग और तेज गति से वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई है। रीकार्पेटिंग वर्क पूरा होने के बाद सड़क की सतह बेहतर होने से क्षेत्र में यातायात को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
