चंडीगढ़ में भाजपा नेता पूर्व मेयर के पति बबला और भांजे में हाथापाई, पुलिस की मौजूदगी में खूब हंगामा
चंडीगढ़ में पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला के पति देविंदर बबला और उनके भांजे रॉबिन के बीच सड़क निर्माण को ...और पढ़ें

कहासुनी के दौरान देविंदर बबला।
HighLights
पूर्व मेयर के पति देविंदर बबला और भांजे रॉबिन में विवाद।
सड़क निर्माण को लेकर हुई हाथापाई और गाली-गलौज।
पुलिस की मौजूदगी में घटना, दोनों पक्षों की शिकायतें।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की पूर्व मेयर एवं भाजपा नेता हरप्रीत कौर बबला के पति देविंदर बबला और उनके भांजे राॅबिन के बीच शनिवार को सड़क निर्माण को लेकर विवाद हो गया। सेक्टर-28 स्थित घर के सामने दोनों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज, धक्कामुक्की और हाथापाई हुई।
इस दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। राबिन ने देविंदर बबला पर पिस्टल दिखाकर डराने का आरोप लगाया है, जबकि बबला ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया।
वहीं, बबला का आरोप है कि राॅबिन ने उनके साथ बदतमीजी की, गला पकड़ा और कुर्ते का बटन तोड़ दिया। दोनों पक्षों ने सेक्टर-26 थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सड़क निर्माण को लेकर आमने-सामने आए मामा-भांजा
जानकारी के अनुसार, विवाद सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ। देविंदर बबला के मुताबिक, सेक्टर-27डी की सड़क की हालत खराब होने के कारण स्थानीय लोग उनसे इसे बनवाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने नगर निगम में बात कर सड़क का काम शुरू करवाया।
बबला ने बताया कि ठेकेदार मुकेश कुमार ने उन्हें फोन कर शिकायत की कि राबिन निर्माण कार्य नहीं होने दे रहे हैं। इसके बाद वह खुद मौके पर पहुंचे। बबला का आरोप है कि वहां पहुंचने पर राबिन उनके साथ बदतमीजी करने लगे।
उन्होंने दावा किया कि राबिन ने उनका गला पकड़ा और कुर्ते का एक बटन तोड़ दिया। इसके बाद हाथापाई हुई और उन्होंने केवल अपना बचाव किया।
राॅबिन ने पिस्टल दिखाने का आरोप लगाया, बबला ने नकारा
राॅबिन ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान देविंदर बबला ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की। हालांकि, बबला के पक्ष ने इस आरोप को खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया है। इस तरह दोनों पक्षों ने घटना को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पिस्टल दिखाने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की मौजूदगी में भी जारी रही कहासुनी
विवाद की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्कामुक्की जारी रही।
वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तनाव और धक्कामुक्की होती दिखाई दे रही है। पुलिस अब शिकायतों के साथ घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि विवाद के दौरान हुई घटनाओं की पुष्टि की जा सके।
दोनों पक्षों की शिकायतों का सत्यापन कर रही पुलिस
सेक्टर-26 थाना पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। डीएसपी पी. अभिनंदन के अनुसार, पुलिस पहले शिकायतों का सत्यापन करेगी। जांच में सड़क निर्माण को लेकर विवाद की वजह, हाथापाई की परिस्थितियों और पिस्टल दिखाने के आरोप समेत सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
