Ranji Trophy : चंडीगढ़ की मिजोरम पर पारी और 356 रन की आसान जीत दर्ज
वीरवार काे चंडीगढ़ टीम के गेंदबाजों ने मिजोरम के बाकि बल्लेबाजों को आसानी से आउट कर दिया। इस जीत के साथ ही चंडीगढ़ ने आठ मैचों में 36 अंक प्राप्त कर लिए हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ और मिजोरम के बीच खेले गए रणजी ट्रॉफी मैच में चंडीगढ़ ने मिजोरम को पारी और 356 रन से हराया। वीरवार काे आइटी पार्क स्थित महाजन क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में चंडीगढ़ टीम के गेंदबाजों ने मिजोरम के बाकि बल्लेबाजों को आसानी से आउट कर दिया। इस जीत के साथ ही चंडीगढ़ ने आठ मैचों में 36 अंक प्राप्त कर लिए हैं।
मैच के दूसरे दिन बुधवार को मणिपुर के 109 रन के जवाब में चंडीगढ़ ने 587 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी थी। वीरवार को तीसरे दिन मिजोरम ने तीन विकेट के नुकसान पर 48 रन से आगे खेलना शुरू किया तो टीम मात्र 74 रन और जोड़ पाई और 122 रन पर सिमट गई।
दिन का पहला विकेट जसकरनदीप सिंह ने बीसवें ओवर में मिजोरम के कप्तान पवन केबी को 28 के निजी स्कोर पर आउट कर हासिल किया। इसके बाद छह ओवर बाद ही गुरेन्द्र ने सुमित को 15 रन पर क्लीन बोल्ड किया। इस समय मिजोरम की आधी टीम 76 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद अभय छह रन बनाकर चलते बने। इसी ओवर में अर्पित सिंह ने राल्टे को छह रन पर क्लीन बोल्ड किया, तब टीम का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 94 रन था।
गुरेन्द्र और अर्पित ने तीन-तीन विकेट चटकाए
अपने अगले ही ओवर में अर्पित सिंह ने 47 गेंदों पर 13 रन पर खेल रहे लालमामा की पारी का अंत किया। इसके बाद गुरेन्द्र सिंह ने जीलाल बाईकवेला को छह जबकि अर्पित सिंह ने बॉबी को 17 रन पर आउट कर मिजोरम की पूरी पारी 122 रन पर समेट दी। चंडीगढ़ की ओर से गुरेन्द्र सिंह और अर्पित सिंह ने तीन-तीन विकेट चटकाई। जबकि जसकरनदीप सिंह को दो सफलताएं मिली। जगजीत सिंह संधू को एक ही विकेट से संतोष करना पड़ा।