त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर मेगा ब्लॉक खत्म; रद और डायवर्ट ट्रेनें फिर से चली
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का मेगा ब्लॉक समाप्त हो गया है। इससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी ...और पढ़ें

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रद और डायवर्ट ट्रेनें फिर से चलने लगी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का मेगा ब्लॉक समाप्त।
त्योहारी सीजन में यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर।
चंडीगढ़ से रद और डायवर्ट की गई सभी ट्रेनें फिर से बहाल।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। त्याेहारी सीजन में चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्र से अपने घर जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन से चल रहा मेगा ब्लॉक वीरवार रात खत्म हो गया और शुक्रवार से सभी निर्धारित ट्रेनें फिर चंडीगढ़ से चलने लगी।
वर्ल्ड क्लास स्टेशन प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्य के चलते 10 सितंबर से पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लगाया गया था। चंडीगढ़ स्टेशन पर नए रूफ स्ट्रक्चर का निर्माण और पुराने फुट ओवरब्रिज को हटाने का कार्य किया गया।
इसी वजह से कई ट्रेनों को रद करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों के शुरुआती और आखिरी स्टेशन में बदलाव किया गया था। 442 ट्रेन ट्रिप को रद किया गया था, जिन्हें फिर से बहाल कर दिया गया है। वहीं, रूट बदलाव के चलते अंबाला कैंट और मोहाली से चलाई जा रही ट्रेनें भी अब चंडीगढ़ से चलेंगी।
अंबाला-मोहाली का झंझट खत्म
यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अंबाला या मोहाली नहीं जाना पड़ेगा। रेलवे ने पहले से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को एसएमएस भेजकर ट्रेनों के चंडीगढ़ से चलने की जानकारी देनी शुरू कर दी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे एप या हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
अंबाला से चलने वाली ट्रेनें अब चंडीगढ़ से चलेंगी
ट्रेन संख्या 15063/15068, 12983/12984 और 20989/20990 को अंबाला कैंट से ही शुरू या समाप्त किया जा रहा था। शुक्रवार से इन ट्रेनों का संचालन चंडीगढ़ स्टेशन से होगा। ट्रेन संख्या 14615/14616 (लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं) के रूट में भी बदलाव किया गया था। अब यह ट्रेन भी अपने निर्धारित मार्ग से चलेगी।
मोहाली से चलने वाली ट्रेनें फिर से बहाल
मोहाली रेलवे स्टेशन से चलाई जा रही पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन भी अब चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से होगा। इनमें ट्रेन संख्या 18309/18101, 18310/18102, 11905/11906, 15531/15532 और 14631/14632 शामिल हैं।
