चंडीगढ़ पुलिस ने 25 लाख से अधिक की चोरी सुलझाई, पूरा सामान बरामद; 3 आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-23 में 25 लाख रुपये से अधिक की चोरी का मामला एक दिन में सुलझा लिया है। ...और पढ़ें

25 लाख की चोरी का केस सुलझा, तीन आरोपित उसी दिन गिरफ्तार।
HighLights
चंडीगढ़ पुलिस ने 25 लाख से अधिक की चोरी सुलझाई
तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सारा सामान बरामद किया गया
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा, आगे की जांच जारी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-23 स्थित एक मकान में रात के समय हुई 25 लाख रुपये से अधिक की चोरी के मामले को पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन सुलझाने का दावा किया है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एक आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि उसके दो साथी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चोरी के गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद किया। तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-23-डी निवासी सिद्धार्थ गुलाटी ने शिकायत दी थी कि 20 अक्टूबर की रात उनके घर से सोने के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। शिकायत के आधार पर सेक्टर-17 थाने में 21 अक्टूबर को एफआइआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने मौके पर बसंत उर्फ बाशु को पकड़ लिया था, जबकि विकास और आकाश उर्फ बुच्ची कथित तौर पर चोरी का सामान लेकर फरार हो गए थे।
सोने के आभूषणों की पूरी बरामदगी का दावा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बसंत उर्फ बाशु (27), निवासी डड्डूमाजरा कॉलोनी, सेक्टर-38 वेस्ट; विकास (25), निवासी ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, मलोया; और आकाश उर्फ बुच्ची (25), निवासी ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, मलोया के रूप में बताई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से सोने की चूड़ियों का एक जोड़ा, महिलाओं की सोने की अंगूठी, सोने के झुमके, एक गुलाबी फूल वाला ईयररिंग, हल्के वजन के दो सोने के पेंडेंट, सोने का नेकलेस सेट और चांदी की पांच जोड़ी पायल बरामद की गई हैं। इसके अलावा करीब 6,200 रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस ने चोरी हुए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
वारदात में इस्तेमाल बाइक और औजार भी मिले
पुलिस के अनुसार, मामले में एक पल्सर मोटरसाइकिल, हथौड़ा, प्लास सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि बसंत उर्फ बाशु के खिलाफ वर्ष 2018 में पंचकूला के सेक्टर-5 थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। विकास और आकाश का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस प्रोफाइल में दर्ज नहीं है।
मामले की कार्रवाई एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देशों के तहत पुलिस चौकी सेक्टर-22 के इंचार्ज एसआई सुनील कुमार की टीम ने की। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
