कीटनाशक दवा से हुई थी रुपिंदर की मौत, विसरा रिपोर्ट आने पर एक साल बाद कत्ल का केस दर्ज
31 मार्च 2019 को रुपिंदर सिंह परिवार के साथ सेक्टर-43 में एक पार्टी में गया था। पार्टी से सेक्टर-70 स्थित घर पहुंचने पर रुपिंदर सिंह अचानक गिर गया।
मोहाली, जेएनएन। करीब एक साल पहले 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में उस समय मौत हो गई थी जब वह एक पार्टी से घर लौटा था। पुलिस ने अब मामले में विसरा रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मां की शिकायत पर कत्ल का मामला दर्ज किया है।
31 मार्च 2019 को रुपिंदर सिंह परिवार के साथ सेक्टर-43 में एक पार्टी में गया था। पार्टी से सेक्टर-70 स्थित घर पहुंचने पर रुपिंदर सिंह अचानक गिर गया। उसकी मां कंवलजीत कौर ने उस समय पुलिस को दी स्टेटमेंट में कहा था कि उसके बेटे की शराब में किसी ने जहर डाला है। उसकी मां का यह आरोप था कि रुपिंदर जब पार्टी से घर आया और जमीन पर गिर गया। उसने उसे उठाने की काफी कोशिश की लेकिन वह बेहोश था। उसने बताया कि एक बार हिम्मत जुटाकर रुपिंदर ने उठने की कोशिश की लेकिन वह उठ नहीं पाया। उन्होंने तुरंत उसे सोहाना अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार विसरा रिपोर्ट में शराब नहीं आई है लेकिन उसकी मौत का कारण कीटनाशक दवाई थी जोकि उसके शरीर में पाई गई। अब वह कीटनाशक दवाई रुपिंदर को किसने दी यह जांच का विषय है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ओकू व नार्कोटिक हरबीर सिंह अटवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक की मां के बयानों पर फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें