कब्रिस्तान में रात को खुदाई कर रहे थे लोग, शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस Chandigarh News
जब लोगों को घटना का पता चला तो कब्रिस्तान में रात को ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने खुदाई कर रहे लोगों पर दफन शवों के कंकाल निकालने का भी आरोप लगाया।
चंडीगढ़, जेएनएन। कब्रिस्तान में खुदाई कर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दड़वा निवासी आनंद सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कब्रिस्तान के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी। जब लोगों को घटना का पता चला तो कब्रिस्तान में रात को ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने खुदाई कर रहे लोगों पर दफन शवों के कंकाल निकालने का भी आरोप लगाया।
दड़वा निवासी मनबहार ने इंडस्ट्रियल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते शनिवार रात आठ बजे वह दड़वा के कब्रिस्तान के पास से गुजर रहा था, तभी उसने देखा कि कब्रिस्तान का दरवाजा खुला है। जब अंदर जाकर देखा तो कुछ लोग खुदाई कर रहे थे। उसने खुदाई कर रहे लोगों को पूछा कि वह किसके कहने पर खुदाई कर रहे हैं और क्यों, तो उन्होंने बताया कि उन्हें आनंद सिंगला ने खुदाई करने के लिए बोला है। यह उसकी जमीन है।
यह बात पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर खुदाई कर रहे लोगों के बयान दर्ज किए और शिकायत के आधार पर आनंद सिंगला पर धर्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के आरोप में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि इस तरह का कृत्य करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए।
पुलिस का कहन है कि लोगों की शिकायत के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। लोग किस लिए कब्रिस्तान में खुदाई कर रहे थे, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन करने में जुटी हुई है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें