चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल नितिन की गोली मारकर हत्या, पुलिस को बेटे अरमान पर शक; पूछताछ जारी
चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नितिन की सेक्टर-22 स्थित उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नितिन की गोली मारकर हत्या
बेटे अरमान को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
घटनास्थल से देसी कट्टा बरामद, हत्या की वजह अज्ञात
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस की अकाउंट ब्रांच में तैनात हेड कॉन्स्टेबल नितिन की शुक्रवार सुबह सेक्टर-22 स्थित मकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। नितिन मकान नंबर 662 में परिवार के साथ रह रहा था। घटना के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस नितिन के बेटे अरमान को अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
नितिन की पत्नी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उनका बेटा अरमान घर में दाखिल हुआ था। उनके अनुसार, अरमान बाथरूम में छिप गया। इसके बाद एक युवक घर में दाखिल हुआ और नितिन को गोली मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस पत्नी के इस बयान समेत घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि नितिन का बेटा अरमान कुछ समय पहले अपनी थार से कुछ लोगों को कथित तौर पर रौंदने के मामले में जेल गया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस अब उसके पुराने मामले और मौजूदा हत्या की घटना के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या में इस्तेमाल हथियार और आरोपित युवक की भूमिका को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
