विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ग्रह नक्षत्र ठीक कर दूंगा...' चोर गिरोह में शामिल तांत्रिक ने चंडीगढ़ पुलिस को बातों में उलझाया; सख्ती पर उगला राज 

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:27 PM (IST)

चंडीगढ़ पुलिस ने 'ट्यूजडे गैंग' नामक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें एक तांत्रिक रवि उर्फ पंडित भी शामिल ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में ‘ट्यूजडे गैंग’ के शातिर।

पुलिस की गिरफ्त में ‘ट्यूजडे गैंग’ के शातिर।

HighLights

  1. चंडीगढ़ पुलिस ने 'ट्यूजडे गैंग' के तीन शातिर चोरों को पकड़ा।

  2. गिरोह का तांत्रिक सदस्य मंगलवार को ही चोरी की वारदात करता था।

  3. पुलिस ने चोरी के आभूषण, घड़ियां और सेंधमारी के औजार बरामद किए।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ सेक्टर-3 थाना पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो मंगलवार को चाेरी करता था। ‘ट्यूजडे गैंग’ के तीन शातिरों हरियाणा के पलवल निवासी सतपाल सिंह, पिंजौर निवासी रवि उर्फ पंडित और पंजाब के रूपनगर निवासी निखिल कुमार को मंगलवार को ही गिरफ्तार किया गया है।

रवि उर्फ पंडित तांत्रिक विद्या जानने का दावा करता है और उसी के कहने पर मंगलवार के दिन ही वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस पूछताछ में भी रवि ने जांच में सहयोग करने के बजाय थाना प्रभारी को ग्रह नक्षत्र ठीक करने की बात कही। उसने पुलिस को अपनी बातों में उलझाने की कोशिश की, लेकिन जब सख्ती बरती तो सच्चाई उगल दी।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन, कपड़े, ड्राई फ्रूट्स और सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। गिरोह चोरी के बाद सामान को हरियाणा और पंजाब में बनाए गए ठिकानों पर छिपाया जाता था। गिरोह को पकड़ने के बाद थाना-3 में दर्ज तीन मामलों को सुलझाया गया है। 

बाइक एक और नंबर प्लेट कई

जांच में सामने आया कि आरोपित बस के जरिए रूपनगर में निखिल कुमार के पास पहुंचते थे। निखिल ने किराये पर कमरा लिया हुआ था। इसके बाद एक बाइक पर अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आवाजाही करते थे। पुलिस ने एक काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स/स्प्लेंडर बाइक बरामद की है, जिसकी अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुई है।

गिरोह के पास दरवाजे और ताले तोड़ने के लिए विशेष औजारों के साथ हैवी ड्यूटी इंडस्ट्रियल कटर मशीन भी थी। इन उपकरणों की मदद से आरोपित कुछ ही समय में मजबूत ताले और दरवाजों को तोड़ देते थे।

घड़ियां और गहने देख चौंकी पुलिस

आरोपितों की निशानदेही पर टिसाट, ह्यूगो बास, टामी हिलफिगर और कैसियो की घड़ियों समेत कई घड़ियां बरामद की हैं। इसके अलावा सोने की चेन, हरे पत्थर वाली सोने की बाली, मोती की माला, चांदी की चेन, नेकलेस, बालियां और स्टोन ब्रेसलेट बरामद किया गया है।

चांदी के आठ प्लेट, तीन गिलास, चांदी की केतली, कप, चम्मच और ट्रे के अलावा पीतल के चार गिलास भी बरामद किए गए हैं। चोरी के कपड़े और आयातित ड्राई फ्रूट्स भी बरामद हुए हैं।

कई राज्यों तक फैला आतंक

तीनों का आपराधिक रिकार्ड भी सामने आया है। सतपाल सिंह के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और रेलवे पुलिस क्षेत्र में चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकाॅर्ड में उसके खिलाफ वर्ष 2003 से 2022 तक के मामले शामिल हैं।

रवि उर्फ पंडित के खिलाफ हरियाणा और चंडीगढ़ में चोरी, सेंधमारी और अन्य धाराओं में कई केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2016 के दौरान कई मामले दर्ज हुए थे। निखिल कुमार के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह गिरोह में सहायक की भूमिका में था और वारदात के दौरान निगरानी रखता था।

 पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों और चोरी के सामान के संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई। पुलिस दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकाॅर्ड का सत्यापन किया है।