ट्राईसिटी में सक्रिय नशा-हथियार सप्लाई नेटवर्क पर शिकंजा; पिस्टल, कारतूस और ड्रग मनी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस ने ट्राईसिटी में सक्रिय दो ड्रग पेडलर और हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 517 ...और पढ़ें

ऑपरेशन सेल ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ पुलिस ने दो ड्रग पेडलर और हथियार सप्लायर पकड़े।
517 ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और ड्रग मनी बरामद की गई।
गिरफ्तार मोनू और सचिन शुक्ला के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ट्राईसिटी में सक्रिय ड्रग पेडलर और हथियार सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 517 ग्राम हेरोइन, दो देसी पिस्तौल, चार कारतूस, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छोटी प्लास्टिक की पुड़ियां और 20 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
आरोपितों की पहचान मलोया की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में रहने वाले 23 वर्षीय मोनू और धनास के स्मॉल फ्लैट्स में रहने वाले सचिन शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों चंडीगढ़ और मोहाली में नशे व हथियारों की सप्लाई से जुड़े थे।
टीम ने पहले मोनू को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 517 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, चार कारतूस, पिठ्ठू बैग, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, प्लास्टिक की पुड़ियां और 20 हजार रुपये बरामद हुए।
मामले में थाना-39 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मोनू के खिलाफ मलोया थाने में पहले भी एनडीपीएस एक्ट, दंगा और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं।
रिमांड में खोला साथी का नाम
मोनू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मोनू ने अपने साथी सचिन शुक्ला के साथ चंडीगढ़ और मोहाली में ड्रग और हथियार सप्लाई करने की बात बताई।
मोनू से मिली जानकारी के आधार पर ऑपरेशन सेल की टीम ने नौ सितंबर को सचिन शुक्ला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई।
दोनों के खिलाफ पहले से मामले
पुलिस के अनुसार, मोनू के खिलाफ पहले चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। वहीं सचिन शुक्ला के खिलाफ अप्रैल 2026 में थाना-39 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।
ट्राईसिटी में नेटवर्क की जांच
ऑपरेशन सेल अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर नशे और हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि 517 ग्राम हेरोइन और हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
