23 से दिल्ली में नेशनल स्कूल गेम्स, चंडीगढ़ में चयनित खिलाड़ियों के पास किट और यूनिफाॅर्म तक नहीं
दिल्ली में 23 अक्टूबर से शुरू हो रहे नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चंडीगढ़ के चयनित खिलाड़ियों के पास अभी ...और पढ़ें

किट और यूनिफॉर्म न होने से खिलाड़ियों के मनोबल पर पड़ सकता है प्रतिकूल प्रभाव। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
शिक्षा विभाग के खेल अधिकारियों ने किए हाथ खड़े।
एचएमएस उपाध्यक्ष ने मुख्य सचिव से शिकायत की।
खिलाड़ियों के मनोबल पर पड़ रहा है नकारात्मक प्रभाव।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिल्ली में 23 अक्टूबर से नेशनल स्कूल गेम्स शुरू होने जा रहे हैं, लेकिन चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने गए खिलाड़ियों के पास अभी तक किट और यूनिफॉर्म तक नहीं है।
एचएमएस के उपाध्यक्ष और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य कश्मीर चंद ने प्रशासन के मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शिक्षा विभाग के खेल अधिकारियों से संपर्क करने पर बताया गया कि उनके पास खेल किट उपलब्ध नहीं हैं। कश्मीर चंद ने सवाल उठाया कि प्रतियोगिता की तारीख पहले से तय होने के बावजूद खिलाड़ियों के लिए जरूरी सामान की व्यवस्था समय पर क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि चयनित विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया है। ऐसे में जरूरी खेल सामग्री और यूनिफार्म न मिलना निराशाजनक है और इससे खिलाड़ियों के मनोबल व सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
शिकायत में चयनित खिलाड़ियों को नियमानुसार पदक या प्रमाणपत्र देने में कथित कमी का मुद्दा भी उठाया गया है। कश्मीर चंद ने मांग की कि सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पहले किट और यूनिफार्म दी जाए तथा जरूरी बजट की तत्काल व्यवस्था हो।
उन्होंने मामले की जांच, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने की मांग की। साथ ही, चंडीगढ़ की टीम के रवाना होने से पहले कार्रवाई की रिपोर्ट देने का अनुरोध किया।
