मधुमेह को मात दे रहे सिटी ब्यूटीफुल के लोग, IDCI की रिपोर्ट में दर्ज की गई गिरावट
इंडिया डायबीटिज केयर इंडेक्स में चंडीगढ़ की स्थिति पहले से बेहतर हई है। शहर के लोगों ने अपने लाइफस्टाइल और खान-पान की आदतों में बदलाव किया है। इस वजह से वे खुद मधुमेह जैसी समस्या से निपटने में कामयाब हो रहे हैं।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के लोग मुधमेह (डायबीटिज) की गिरफ्त से मुक्त होने में कामयाब हो रहे हैं। चंडीगढ़ के बाशिंदे खुद मधुमेह जैसी समस्या से निपटने पर जोर दे रहे हैं। इसके लिए शहर के लोगों ने अपने लाइफस्टाइल और खान-पान की आदतों में बदलाव किया है। यह खुलासा इंडिया डायबीटिज केयर इंडेक्स (आईडीसीआई) की रिपोर्ट में हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल से जून 2020 के बीच चंडीगढ़ का डायबीटिज केयर इंडेक्स में ग्लायकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन यानी एचबीए1सी का स्तर 8.16 प्रतिशत दर्ज किया गया था। जो जुलाई से सितंबर 2020 के बीच 7.85 प्रतिशत दर्ज किया गया है। आईडीसीआई नोवो नॉर्डिस्क इंडिया के इम्पैक्ट इंडिया-1000 डे चैलेंज कार्यक्रम का यह हिस्सा है। जिसमें विभिन्न शहरों, राज्यों और देश में डायबीटिज की मौजूदा स्थिति का अांकलन किया जाता है।
चंडीगढ़ में 60 वर्ष की आयु के 1100 लोगों को रिसर्च में किया गया शामिल
इंडिया डायबीटिज केयर इंडेक्स (आईडीसीआई) की रिपोर्ट के मुताबिक चंडीगढ़ में 60 वर्ष की आयु के 1100 लोगों को इस रिसर्च में इस बार शामिल किया गया था। इनमें 78 प्रतिशत पुरुष और 22 प्रतिशत महिलाओं को मधुमेह (डायबीटिज) की स्थिति का पता लगाने के लिए रिसर्च में शामिल किया गया था। रिसर्च के मुताबिक इन 1100 लोगों में पोस्ट प्रैंन्डियल (भोजन के बाद) शरीर में ग्लूकोज का स्तर 224 एमजी/डीएल स्तर पाया गया। जबकि इन लोगों में फास्टिंग (खाली पेट) शरीर में ग्लूकोज का स्तर 162एमजी/डीएल पाया गया।
कोरोना महामारी के बाद लोग अपनी सेहत पर दे रहे ध्यान
पीजीआइ के एन्डोक्राइनोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉ. अनिल भंसाली ने कहा जिस प्रकार चंडीगढ़ के लोगों में मधुमेह की समस्या में गिरावट दर्ज की गई। इससे यह पता चलता है कि कोरोना महामारी के बाद से शहर के लोगों ने खुद की सेहत पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। लोग अब घर में ही मधुमेह जैसी बीमारी से निपटने के लिए खुद प्रयास कर रहे हैं। लोगों ने महामारी के बाद से अपने न केवल लाइफस्टाइल में बदलाव किया है। बल्कि खान-पीन की आदतों को बदलकर और नियमित व्यायाम से अपनी सेहत में सुधार लाने का प्रयास कर रहे हैं। जिसकी वजह से इंडिया डायबीटिज केयर इंडेक्स में चंडीगढ़ की स्थिति पहले से बेहतर हई है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें