चंडीगढ़ के पार्क में सैर करने आए युवक पर चाकू से हमला, 200 रुपये देने से इनकार करने पर हुआ था विवाद
चंडीगढ़ के सेक्टर-35सी स्थित एक पार्क में सैर कर रहे युवक पर चार युवकों ने 200 रुपये मांगने से इनकार ...और पढ़ें

सेक्टर-35सी में पार्क में सैर कर रहे युवक पर चाकू से हमला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सेक्टर-35सी में पार्क में वारदात।
शराब के नशे में थे हमलावर।
पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-35सी में पार्क में सैर कर रहे 18 वर्षीय युवक पर चार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने पहले युवक से 200 रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घायल को उपचार के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल (जीएमएसएच) में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान सेक्टर-35सी निवासी सचिन के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में सचिन ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता है और निजी काम करता है।
शाम करीब 7:30 बजे वह घर के पास स्थित पार्क में सैर कर रहा था। इसी दौरान पार्क में मिलने वाले चार युवक वहां पहुंचे। चारों ने शराब पी रखी थी और सचिन के साथ बहसबाजी करते हुए उससे 200 रुपये मांगने लगे।
सचिन ने रुपये देने से इनकार किया तो उस पर चाकू से वार कर दिया। मारपीट भी की। वारदात के बाद चारों आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस की गाड़ी घायल को उपचार के लिए जीएमएसएच-16 लेकर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
