Chandigarh Nature Interpretation Center: सुकून के साथ देखने को मिलेगी नेचुरल वाइल्ड लाइफ, बस करना होगा यह काम
चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक के मुख्य एंट्री प्वाइंट से रेगुलेटरी एंड तक पर्यटकों की खासी भीड़ रहती है। खासकर सुबह और शाम को सुहावने मौसम का आनंद लेने वाले बड़ी संख्या में लेक पहुंचते हैं लेकिन कुछ इस भीड़ की बजाए सुकूल के पल चाहते हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ः चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक के मुख्य एंट्री प्वाइंट से रेगुलेटरी एंड तक पर्यटकों की खासी भीड़ रहती है। खासकर सुबह और शाम को सुहावने मौसम का आनंद लेने वाले बड़ी संख्या में लेक पहुंचते हैं, लेकिन कुछ इस भीड़ की बजाए सुकूल के पल चाहते हैं। उनके लिए कांसल फॉरेस्ट में सुखना कैचमेंट एरिया बेहतर विकल्प है। यहां सुकून के साथ ही नेचुरल वाइल्ड लाइफ देखने को मिलेगी। इसके अलावा अब तो यहां पर नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर भी खुल गया है। जहां आपको सुखना कैचमेंट एरिया के साथ ही वाइल्डलाइफ और सुखना के जलवायु परिवर्तन की जानकारी भी मिल जाएगी।
नेचुरल वाइल्ड लाइफ का आनंद लेने के लिए मंजूरी लेनी जरूरी
आपको यहां यह बताना बेहद जरूरी है कि आप यहां अपनी मर्जी से कभी भी नहीं पहुंच सकते। ऐसा किया तो आपको कांसल फॉरेस्ट एंट्री गेट पर ही रोक लिया जाएगा। इससे आगे एंट्री नहीं मिलेगी। इस परेशानी से बचकर सही मायनों में फॉरेस्ट और नेचुरल वाइल्ड लाइफ का आनंद लेना है तो पहले इसके लिए जरूरी मंजूरी लेनी होगी। यह मंजूरी आपको सेक्टर-19 स्थित पर्यावरण भवन की दूसरी मंजिल पर बने ऑफिस से मिल जाएगी। यहां से एंट्री पास मिलने के बाद ही आप इस पूरे एरिया को देखने जा सकते हैं। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने इस प्रक्रिया को आसान बनाया है। आपको यह मंजूरी लेने में ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी।
इस सेंटर में यह है खास, प्रजातियों की जानकारी के लिए बनाए गए हैं 3D मॉडल
यह सेंटर विजिटर्स में वाइल्ड लाइफ और पर्यावरण के प्रति जानकारी हासिल करने की जिज्ञासा बढ़ाएगा। इस सेंटर में अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। सुखना कैचमेंट पर मौसम के अलग-अलग प्रभाव को यह सेंटर दर्शा रहा है। मिट्टी और नमी संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी देगा। इसमें प्रजातियों की जानकारी के लिए 3डी मॉडल बनाए गए हैं। यहां पाए जाने वाले पक्षियों, तितलियों और सांपों के पोस्टर बनाकर जानकारी दी गई है। मेडिसिनल प्लांट के पोस्टर हैं। बच्चों के लिए कई गतिविधियां होंगी।
प्रशासक पुरोहित ने वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी पहुंचकर किया था उद्घाटन
नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर का बुधवार को प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने सुखना वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी पहुंचकर उद्घाटन किया था। सांसद किरण खेर भी उनके साथ यहां मौजूद थी। इस दौरान प्रशासक और किरण खेर ने खुद इस सेंटर के हर सेक्शन को जाकर देखा। उन्होंने सेंक्चुरी में जाकर फॉरेस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के मिट्टी और नमी पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। प्रशासक ने कहा कि डिपार्टमेंट के इन प्रयासों से सुखना में बरसाती पानी के जरिए पहुंचने वाली गाद का पता चलेगा। यह गतिविधियां नए बनाए इस सेंटर में भी विजिटर्स देखकर सीख सकेंगे। सांसद किरण खेर ने विभाग के प्रयास की सराहना की। चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट देबेंद्र दलाई ने सेंटर से संबंधित जानकारी दी।