सांसद किरण खेर ने Mrs. Sidhu पर कसा तंज, धवन को बताया अच्छा आदमी
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने नवजोत कौर सिद्धू पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि जिसको चंडीगढ़ के बारे में पूरी जानकारी तक नहीं, उसे यहां के लोग क्यों वोट देंगे।
चंडीगढ़ [डाॅ. सुमित सिंह श्योराण]। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर चंडीगढ़ की लोकसभा सीट इस बार सबसे हाॅट बनती दिख रही है। नेताओं ने दावेदारी के साथ एक-दूसरे पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। गणतंत्र दिवस पर पंजाब राजभवन में आयोजित एट होम में मौजूदा भाजपा सांसद किरण खेर ने कांग्रेस से दावेदारी ठोकने वाली नवजोत कौर सिद्धू पर निशाना साधा। हालांकि उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व मंत्री हरमोहन धवन को अच्छा इंसान बताया। उन्होंने कहा कि जिसको चंडीगढ़ के बारे में पूरी जानकारी तक नहीं, उसे यहां के लोग क्यों वोट देंगे। नवजोत कौर द्वारा चंडीगढ़ में नई यूनिवर्सिटी की घोषणा पर सांसद ने कहा कि चंडीगढ़ में तो पहले ही जमीन की कमी है तो फिर नवजोत कौर कहां पर यूनिवर्सिटी के लिए जगह दिलाएंगी।
धवन से सहानूभूति चुनावी रणनीति का हिस्सा?
भाजपा में गत चार वर्ष से अनदेखी का शिकार रहे आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के प्रति अभी भी भाजपा नेताओं में साॅफ्ट कार्नर है। सांसद किरण खेर ने राजभवन में कहा कि धवन साहब काफी अच्छे आदमी हैं। उनकी यह सहानूभूति कहीं न कहीं चुनावी रणनीति का ही हिस्सा मानी जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते 2014 लोकसभ चुनाव में भी आप से उम्मीदवार रहीं गुलपनाग ने एक लाख से अधिक वोट लेकर पवन कुमार बंसल की हार तय कर दी थी। इस बार भी हरमोहन धवन को गेम चेंजर के तौर पर देखा जा रहा है। उनके वोट कांग्रेस और भाजपा नेताओं के लिए सिरदर्दी बन सकते हैं। धवन का अपना काफी बड़ा वोट बैंक हैं और वह भाजपा और कांग्रेस दोनों के वोट बैंक में बड़ी सेंध लगा सकते हैं।