विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव में मतदान केंद्रों में बदलाव चाहते हैं 27 तक दे सकेंगे एतराज, 35 वार्डों के लिए ड्राफ्ट सूची जारी

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:27 PM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत राज्य चुनाव आयोग ने वार्ड 1 से 35 तक के मतदान ...और पढ़ें

दिसंबर में प्रस्तावित हैं नगर निगम चुनाव। (सांकेतिक फोटो)

दिसंबर में प्रस्तावित हैं नगर निगम चुनाव। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ निगम चुनाव 2026 के लिए ड्राफ्ट सूची जारी।

  2. मतदान केंद्रों पर आपत्तियां 27 अक्टूबर तक दर्ज कराएं।

  3. नौ रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में सूची उपलब्ध।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की तैयारियों के तहत राज्य चुनाव आयोग ने वार्ड नंबर एक से 35 तक के मतदान केंद्रों की ड्राफ्ट सूची जारी कर दी है।

आम जनता और इच्छुक उम्मीदवार 27 अक्टूबर शाम पांच बजे तक इस सूची पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में लिखित रूप में जमा करवानी होंगी।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान केंद्रों की यह ड्राफ्ट सूची चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची के उस हिस्से के आधार पर तैयार की गई है, जो नगर निगम के संबंधित वार्डों में आता है।

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद चंडीगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी। इसी सूची को नगर निगम चुनाव की तैयारियों का आधार बनाया गया है।

नौ रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध

ड्राफ्ट सूची वार्डों के समूह के अनुसार नौ रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध करवाई गई है। वार्ड एक से चार के लिए प्रद्युम्न सिंह, पांच से आठ के लिए नितीश सिंगला, नौ से 12 के लिए पालिका अरोड़ा, 13 से 16 के लिए नवीन, 17 से 20 के लिए ईशा कंबोज, 21 से 24 के लिए पवित्र सिंह, 25 से 28 के लिए राधिका सिंह, 29 से 32 के लिए अविकेश गुप्ता और 33 से 35 के लिए खुशप्रीत कौर को जिम्मेदारी दी गई है।

संबंधित अधिकारी अपने कार्यालयों में 22 से 27 अक्टूबर तक कार्यालय समय के दौरान सूची देखने की सुविधा उपलब्ध करवाएंगे। लोग अपने वार्ड में बनाए जाने वाले मतदान केंद्रों की जानकारी लेकर यदि कोई बदलाव या सुधार जरूरी समझते हैं तो निर्धारित समयसीमा में लिखित आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।

चुनाव की तैयारियों में अगला कदम

चंडीगढ़ नगर निगम के आम चुनाव इस साल के अंत तक करवाए जाने हैं। ऐसे में पोलिंग स्टेशनों की सूची जारी होना चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है। सुझाव और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान केंद्रों की सूची को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने लोगों से निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाने की अपील की है।