विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए वार्ड 29, 4, 9, 15, 1, 3 और 32 एससी के लिए आरक्षित, जानें किसके लिए बढ़ी चुनौती

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:51 PM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए सात वार्ड अनुसूचित जाति (एसी) के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें वार्ड-29, 4, ...और पढ़ें

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड रिजर्वेशन का ड्रॉ निकाला गया।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड रिजर्वेशन का ड्रॉ निकाला गया।

HighLights

  1. निगम चुनाव में सात वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित।

  2. वार्ड 29, 3, 32 एससी महिला के लिए विशेष आरक्षित।

  3. मौजूदा पार्षदों को अब नई चुनावी जमीन तलाशनी होगी।

बलवान करिवाल, चंडीगढ़।  दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आज यानी शुक्रवार को वार्ड रिजर्वेशन का ड्रॉ निकाला गया। सेक्टर-6 स्थित यूटी गेस्ट हाउस में स्टेट इलेक्शन कमिश्नर विजय देव की निगरानी में ड्रॉ हुआ।

वार्ड आरक्षण ड्राॅ में सात वार्ड अनुसूचित जाति (एससी) और नौ वार्ड सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए। एससी के लिए आरक्षित वार्डों में 29, 4, 9, 15, 1, 3 और 32 शामिल हैं। इनमें वार्ड-29, वार्ड-3 और वार्ड-32 एससी महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं।

वहीं वार्ड-4, 9, 15 और 1 एससी वर्ग के महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रहेंगे। इसके अलावा सामान्य वर्ग की महिला के लिए वार्ड-17, 13, 21, 25, 30, 2, 8, 11 और 26 आरक्षित किए गए हैं।

55

राजनीतिक समीकरण बदले

आरक्षण की घोषणा के साथ ही नगर निगम चुनाव के राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल गए हैं। कई मौजूदा पार्षदों को अब अपनी मौजूदा सीट छोड़कर दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने की रणनीति बनानी होगी। राजनीतिक दलों के सामने भी नए उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू हो गया है।

भाजपा पार्षद दलीप शर्मा को बड़ा झटका

वार्ड-3 के भाजपा पार्षद दलीप शर्मा के लिए आरक्षण बड़ा झटका है। वह लगातार तीसरी बार जीत की तैयारी में थे, लेकिन वार्ड एससी के लिए आरक्षित होने के बाद अब उन्हें दूसरी सीट तलाशनी पड़ सकती है। वार्ड-4 की भाजपा पार्षद और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा के सामने भी मौजूदा वार्ड से चुनाव लड़ने का रास्ता बंद हो गया है। उन्हें भी अब नए वार्ड की तलाश करनी होगी।

बिमला दुबे को तलाशनी होगी नई राजनीतिक जमीन

वार्ड-9 की भाजपा पार्षद बिमला दुबे की सीट भी एससी के लिए आरक्षित हो गई है। वर्ष 2021 में एससी आरक्षण के कारण उन्होंने वार्ड-7 के बजाय वार्ड-9 से चुनाव लड़ा था। अब वार्ड-9 के एससी के लिए आरक्षित होने से उनके सामने फिर नई राजनीतिक जमीन तलाशने की चुनौती खड़ी हो गई है।

रामचंद्र यादव और मुन्नवर की भी चिंता बढ़ी

वार्ड-15 के रामचंद्र यादव के लिए भी आरक्षण का असर महत्वपूर्ण है। यादव हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। अब उनका मौजूदा वार्ड एससी के लिए आरक्षित होने के कारण कांग्रेस में उनकी अगली चुनावी भूमिका को लेकर नए समीकरण बनेंगे। वार्ड-29 से आप के टिकट पर चुनाव जीतकर बाद में कांग्रेस में शामिल हुए मुन्नवर के सामने भी मौजूदा सीट बदलने की स्थिति पैदा हो गई है।

वार्ड-32 भाजपा पार्षद और सीनियर डिप्टी मेयर जसमानप्रीत सिंह का वार्ड भी एससी महिला के लिए आरक्षित हुआ है। ऐसे में उनके सामने भी अगला चुनाव लड़ने के लिए नई सीट तलाशने की चुनौती है। इस सीट पर अब एससी वर्ग की महिला उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में उतर सकेंगी।

9 वार्ड सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए

सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित नौ वार्डों ने भी कई राजनीतिक नेताओं की चुनावी गणित बदल दी है। वार्ड-17, 13, 21, 25, 30, 2, 8, 11 और 26 में अब सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए सीट आरक्षित रहेगी। इन वार्डों में मौजूदा पुरुष पार्षदों को चुनाव लड़ने के लिए दूसरे वार्डों का रुख करना पड़ सकता है। राजनीतिक दलों में महिला उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी जल्द ही सक्रियता बढ़ने की संभावना है।

निगम चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ

आज हुए आरक्षण ड्राॅ के बाद नगर निगम चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। एससी और महिला आरक्षण के कारण मौजूदा पार्षदों के सामने सीट बदलने की चुनौती है, वहीं नए चेहरों के लिए चुनावी मैदान खुल गया है। आने वाले दिनों में दलों के भीतर टिकट के दावेदारों और संभावित वार्डों को लेकर बैठकों का दौर तेज होने की उम्मीद है।

 वार्डवार एरिया और आरक्षण

वार्ड एरिया आरक्षण
वार्ड-1 कैम्बवाला, खुड्डा अलीशेर, लाहौरा, खुड्डा जस्सू और खुड्डा लाहौरा कॉलोनी एससी
वार्ड-2 सेक्टर-1 से 10 सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-3 सेक्टर-26, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, बापूधाम कॉलोनी फेज-1, 2, 3, पुलिस लाइन और मद्रासी कॉलोनी एससी महिला
वार्ड-4 मनीमाजरा, बस्ती किशनगढ़, बस्ती भगवानपुरा, इंदिरा कॉलोनी, आईटी पार्क और शास्त्री नगर एससी
वार्ड-5 ओल्ड मनीमाजरा (एनएसी), पिपली वाला टाउन, ठाकुर द्वारा, दर्शनी बाग, सुभाष नगर, ढिल्लों कॉम्प्लेक्स और मोटर मार्केट मनीमाजरा ओपन
वार्ड-6 शिवालिक एन्क्लेव, रेलवे कॉलोनी शिवालिक एन्क्लेव, गोविंदपुरा मनीमाजरा, मरियाला टाउन, हाउसिंग बोर्ड डुप्लेक्स मनीमाजरा, मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, राजीव बिहार और उप्पल्स मार्बल आर्च ओपन
वार्ड-7 अंबेडकर कॉलोनी मौलीजागरां, चरण सिंह कॉलोनी मौलीजागरां और विकास नगर ओपन
वार्ड-8 गांव मौलीजागरां, रायपुर कलां एवं मखन माजरा और रायपुर खुर्द सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-9 इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, कॉलोनी नंबर-4, डेरिया और स्मॉल फ्लैट्स मौलीजागरां पार्ट-2 एससी
वार्ड-10 सेक्टर-27, 28 और 29 ओपन
वार्ड-11 सेक्टर-18, 19 और 21 सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-12 सेक्टर-15, 16, 17 और 24 ओपन
वार्ड-13 सेक्टर-11, 12, 14 और सेक्टर-25 यूआईईटी, डेंटल कॉलेज सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-14 धनास एलआईजी कॉलोनी धनास, मिल्कमैन कॉलोनी, अमन, चमन और अंबेडकर कॉलोनी ओपन
वार्ड-15 सारंगपुर और रिहैबिलिटेशन कॉलोनी धनास एससी
वार्ड-16 सेक्टर-25, भास्कर कॉलोनी, सेक्टर-25 (डब्ल्यू) और किशनगढ़ आर्म्ड पुलिस कॉम्प्लेक्स, धनास ओपन
वार्ड-17 सेक्टर-22 और 23 सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-18 सेक्टर-20 और सेक्टर-30 ओपन
वार्ड-19 इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और रामदरबार ओपन
वार्ड-20 हल्लोमाजरा और बेहलाना ओपन
वार्ड-21 सेक्टर-47, बैर माजरा, फैदान बुरैल और चार तरफ बुरैल सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-22 सेक्टर-31, सेक्टर-32 और सेक्टर-33 ओपन
वार्ड-23 सेक्टर-34, 35 और 43 ओपन
वार्ड-24 सेक्टर-36, सेक्टर-42, सेक्टर-53 नेहरू कॉलोनी, सेक्टर-53 व 54 फर्नीचर मार्केट, सेक्टर-54 आदर्श कॉलोनी और सेक्टर-42 अटावा ओपन
वार्ड-25 सेक्टर-37 और सेक्टर-38 सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-26 डड्डूमाजरा कॉलोनी, गांव डड्डूमाजरा, शाहपुर कॉलोनी एवं गांव और रिहैबिलिटेशन कॉलोनी सेक्टर-38 (डब्ल्यू) सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-27 सेक्टर-38 वेस्ट, रिहैबिलिटेशन कॉलोनी को छोड़कर, सेक्टर-38 (डब्ल्यू), सेक्टर-39 और सेक्टर-40 ओपन
वार्ड-28 गांव मलोया, ईडब्ल्यूएस मलोया, सेक्टर-39 (डब्ल्यू), गुरसागर भट्टल कॉलोनी, मलोया, ग्वाला एवं कुम्हार कॉलोनी, सुखा/राणा और बंसल फार्म तथा ईडब्ल्यूएस मलोया ओपन
वार्ड-29 सेक्टर-55 (हाउसिंग बोर्ड), सेक्टर-56 (अंबेडकर कॉलोनी) और सेक्टर-55 (पलसौरा) एससी महिला
वार्ड-30 सेक्टर-41, सेक्टर-41 (बुटेरला) और सेक्टर-41 (बधेड़ी गांव) सामान्य वर्ग महिला
वार्ड-31 कजेहड़ी कॉलोनी, सेक्टर-52 (ईडब्ल्यूएस, एलआईजी कॉलोनी), सेक्टर-61, गांव कजेहड़ी, सेक्टर-52 (हाउस फॉर इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट, यूटी) ओपन
वार्ड-32 सेक्टर-44 और सेक्टर-51 एससी महिला
वार्ड-33 बुरैल ओपन
वार्ड-34 सेक्टर-45 (बुरैल को छोड़कर) और सेक्टर-46 ओपन
वार्ड-35 सेक्टर-48, 49, 50 और 63 ओपन

एक नजर में आरक्षण

आरक्षण श्रेणी वार्ड
एससी वार्ड 1, 4, 9, 15
एससी महिला वार्ड 3, 29, 32
सामान्य वर्ग महिला वार्ड 2, 8, 11, 13, 17, 21, 25, 26, 30
ओपन वार्ड 5, 6, 7, 10, 12, 14, 16, 18, 19, 20, 22, 23, 24, 27, 28, 31, 33, 34, 35