विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में खरीदारों के लिए अच्छी खबर, पारंपरिक बाजारों की ई-काॅमर्स से टक्कर, बांट रहे स्कूटर-कार के लकी ड्राॅ कूपन

Published: Thu, 22 Oct 2026 03:47 PM (IST)

चंडीगढ़ के पारंपरिक बाजार ई-कॉमर्स से मुकाबला करने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रहे हैं, जिसमें आकर्षक छूट, कैशबैक, ईएमआई ...और पढ़ें

चंडीगढ़ के बाजारों में खरीदारी

चंडीगढ़ के बाजारों में खरीदारी

HighLights

  1. चंडीगढ़ के बाजार ई-कॉमर्स से मुकाबला करने को तैयार।

  2. खरीदारी पर ग्राहकों को मिल रहे कार, स्कूटर के लकी ड्रॉ।

  3. सेक्टर 22-डी, 35, 19 में आकर्षक छूट और पुरस्कार।

बलवान करिवाल, चंडीगढ़। महासेल, फेस्टिवल धमाका सेल, कैशबैक, ईएमआई और इतने की शाॅपिंग की तो बड़ा डिस्काउंट इस तरह के लुभावने ऑफर से ई-काॅमर्स बिजनेस तेजी से बढ़ा है। वहीं पारंपरिक बाजार अपने नियमित ग्राहक भी खोने लगे थे।

अब ई-काॅमर्स के इन बड़े प्लेयर्स को टक्कर देने के लिए शहर के पारंपरिक बाजारों ने भी आक्रामक रणनीति अपनाई है। सेक्टर 22-डी, 35 और 19 समेत प्रमुख बाजारों में त्योहारों पर खरीदारी के लिए ग्राहकों को आकर्षक डिस्काउंट, कैशबैक, क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट, लकी ड्राॅ कूपन और ईएमआई जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

अकेला दुकानदार इनके सामने टिक नहीं पा रहा था तो बाजार एसोसिएशन और दुकानदारों ने मिलकर ग्राहकों को स्थानीय दुकानों तक लाने के लिए विशेष योजनाएं शुरू कर दीं। खरीदारी के साथ कार, स्कूटर और इलेक्ट्राॅनिक आइटम जीतने का मौका मिलने से बाजारों में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।

सेक्टर-22डी में दो कार और ई-स्कूटर का ड्राॅ

सेक्टर 22-डी मार्केट में इंडियाज मेगा शाॅपिंग कार्निवाल 2026 के तहत तीन हजार रुपये या उससे अधिक की खरीदारी पर मुफ्त लकी ड्राॅ कूपन दिया जा रहा है। योजना के तहत तीन अलग-अलग ड्रा होंगे। अंतिम ड्राॅ तीन जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा।

विजेताओं को दो कार, इलेक्ट्रिक स्कूटर, वाशिंग मशीन सहित कई उपहार दिए जाएंगे। कपड़े, ज्वेलरी, सजावटी सामान समेत विभिन्न श्रेणियों की दुकानों को योजना में शामिल किया गया है, ताकि ग्राहक एक ही बाजार में परिवार की जरूरतों का सामान खरीद सकें।

सेक्टर-35 में तीन कार और इलेक्ट्रानिक आइटम का ड्राॅ

सेक्टर-35 मार्केट में दस हजार रुपये की खरीदारी पर मुफ्त लकी ड्राॅ कूपन दिया जा रहा है। यहां पहले तीन विजेताओं को कार देने के साथ इलेक्ट्राॅनिक आइटम और घरेलू उपकरण भी पुरस्कार में रखे गए हैं। बाजार में यह तीन कार डिस्प्ले भी की गई हैं।

इसके अलावा दुकानदार अपने स्तर पर भी छूट दे रहे हैं। सेक्टर-19 मार्केट में भी छोटे सामान की दो हजार और बड़े की पांच हजार रुपये या ऊपर खरीदारी पर कूपन दिए जा रहे हैं। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सजावट को लेकर भी प्रतिस्पर्धा है।

 

जनरल आइटम तीन हजार रुपये और ज्वैलरी आइटम 15 हजार या उससे अधिक की खरीदारी पर ग्राहकों को मुफ्त लकी ड्रा कूपन दे रहे हैं। तीन अलग-अलग ड्राॅ में स्कूटर से लेकर कार तक के इनाम दिए जाएंगे। बाजार की विभिन्न श्रेणियों की दुकानों को योजना में शामिल किया गया है, ताकि ग्राहक कपड़े, ज्वेलरी, सजावटी सामान और घर की जरूरतों की चीजें एक ही बाजार से खरीद सकें।

-अरविंद जैन, अध्यक्ष, सेक्टर 22-डी मार्केट एसोसिएशन।




इलेक्ट्रानिक आइटम, घरेलू उपकरणों और ज्वेलरी की खरीदारी पर मुफ्त लकी ड्राॅ कूपन दिए जा रहे हैं। पहले तीन विजेताओं को तीन कार और बाकी को अन्य उपहार ड्राॅ के बाद मिलेंगे। दुकानदार ग्राहकों को कैशबैक, डिस्काउंट और ईएमआई जैसी सुविधाएं भी दे रहे हैं। उनका प्रयास है कि त्योहारों में लोग स्थानीय बाजारों से खरीदारी करें।
-पुरुषोत्तम सिंह, अध्यक्ष, सेक्टर-35 मार्केट एसोसिएशन



लोगों को स्थानीय बाजारों और दुकानदारों से खरीदारी करनी चाहिए, ताकि व्यापारियों के साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों के घरों में भी खुशियां पहुंचें। स्थानीय दुकानदार ग्राहकों के साथ पारिवारिक संबंध रखते हैं। ई-काॅमर्स कंपनियों को टक्कर देने के लिए बाजार एसोसिएशन और दुकानदार मिलकर लकी ड्राॅ, छूट और ईएमआई जैसी सुविधाएं दे रहे हैं।
-संजीव चड्ढा, अध्यक्ष, चंडीगढ़ व्यापार मंडल