विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ वासियों को बड़ी राहत, मोबाइल फोन से होंगे एस्टेट ऑफिस के काम; 'ई-संपदा सीएचडी' एप लॉन्च

Published: Thu, 01 Oct 2026 03:21 PM (IST)

चंडीगढ़ में एस्टेट ऑफिस के कामों के लिए 'ई-संपदा सीएचडी' मोबाइल एप लॉन्च किया गया है। इसके जरिये शहरवासियों को घर बैठे ऑनलाइन सेवाएं मिलेंगी।

चंडीगढ़ में 'ई-संपदा सीएचडी' एप लॉन्च। (एआई जनरेटेड फोटो)

चंडीगढ़ में 'ई-संपदा सीएचडी' एप लॉन्च। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. 'ई-संपदा सीएचडी' ऐप चंडीगढ़ में लॉन्च, घर बैठे सेवाएं।

  2. प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन, ट्रांसफर, बकाया जांच होगी।

  3. प्रशासक ने लाॅन्च किया 'ई-संपदा सीएचडी' एप।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। अब एस्टेट ऑफिस के सारे काम घर बैठे मोबाइल से होंगे। इसके लिए 'ई-संपदा सीएचडी' मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च की गई है। पंजाब के राज्यपाल और यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को रामदरबार के कम्युनिटी सेंटर में आयोजित समाधान शिविर से पहले एप लाॅन्च किया।

यह एप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर एंड्रॉइड यूजर्स के लिए उपलब्ध है। जल्द ही इसका आईओएस वर्जन भी लॉन्च किया जाएगा। इस एप का मुख्य उद्देश्य फेसलेस सर्विस डिलीवरी यानी बिना ऑफिस जाए लोगों को घर बैठे सेवा देना है। अब दस्तावेज जमा करने से लेकर अंतिम मंजूरी तक का पूरा काम ऑनलाइन होगा।

आम लोगों को क्या फायदा होगा?

इस एप से चंडीगढ़ के लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा। उन्हें बार-बार एस्टेट ऑफिस नहीं जाना पड़ेगा। लाइनों में लगने वाले झंझट से भी मुक्ति मिलेगी। घर बैठे ही अपॉइंटमेंट मिलेगीग। प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोग एप पर ही पूरी जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी से बच सकेंगे।

साथ ही आवेदक रियल-टाइम में अपनी फाइल की स्थिति देख सकेंगे कि फाइल किस अफसर की टेबल तक पहुंची है। जो लोग स्मार्टफोन नहीं चला सकते, वे नजदीकी संपर्क केंद्र पर जाकर इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।

एप पर कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी

प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन: किसी भी संपत्ति का विवरण और रिकॉर्ड ऑनलाइन देख सकते हैं।

प्रॉपर्टी ट्रांसफर: वसीयत, सेल डीड या कन्वेंस डीड के आधार पर ओनरशिप ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन।

बकाया राशि की जांच: संपत्ति पर कोई वित्तीय देनदारी या बकाया है या नहीं, इसकी लाइव जानकारी।

एनओसी और नो-ड्यूज सर्टिफिकेट: एनओसी और नो-ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए सीधे ऐप से अप्लाई और डाउनलोड की सुविधा।

एप्लिकेशन स्टेटस ट्रैकिंग: जमा आवेदन की स्थिति, विभाग की आपत्ति या अतिरिक्त दस्तावेज की मांग की जानकारी एप पर ही।

शिकायत निवारण: संपत्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत को दर्ज और ट्रैक करने की सुविधा।