किडनी रैकेट की सरगना जमानत लेकर फरार, चंडीगढ़ कोर्ट से वारंट जारी; जमानती पर भी कार्रवाई की तैयारी
चंडीगढ़ किडनी रैकेट की मुख्य आरोपी एबम देवी के खिलाफ अदालत में पेश न होने पर गैर-जमानती वारंट जारी किया ...और पढ़ें

मणिपुर निवासी एबम देवी के खिलाफ जिला अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किए। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
एबम देवी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी।
जमानत मिलने के बाद से कोर्ट में पेश नहीं हुई।
जमानतदार पर भी कार्रवाई की तैयारी में अदालत।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पीजीआई में वर्ष 2019 में सामने आए किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट की मुख्य आरोपित मणिपुर निवासी एबम देवी के खिलाफ जिला अदालत ने फिर गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं।
पिछले सप्ताह मामले की सुनवाई के दौरान वह अदालत में पेश नहीं हुई। इसके बाद अदालत ने उसे जमानत देने वाले व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। अदालत अब जमानतदार के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
पुलिस ने एबम देवी को सात साल पहले गिरफ्तार किया था। पिछले साल उसे जमानत मिली, लेकिन इसके बाद से वह अदालत में पेश नहीं हुई। उसे कई बार समन भेजे गए, फिर भी वह सुनवाई में शामिल नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरोह गरीब लोगों को बहला-फुसलाकर किडनी दान करवाता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था। एबम ने खुद ढाई लाख रुपये लेकर किडनी दान की थी। बाद में वह गिरोह में शामिल हो गई।
उसने मणिपुर की एक महिला को चंडीगढ़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया और उसकी किडनी किसी अन्य व्यक्ति को प्रत्यारोपित कराने की साजिश रची। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे।
इस काम के बदले एबम ने ढाई लाख रुपये लिए थे। मामला पुलिस तक पहुंचने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि गिरोह के उसके साथी फरार हो गए थे।
