विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ प्रशासन को 3.89 लाख का फटका, बायोमेडिकल वेस्ट उठान के भुगतान में गड़बड़ी; ऑडिट रिपोर्ट में खुला राज

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:00 AM (IST)

चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के लिए स्वीकृत 720 बेड के बजाय 783 बेड का भुगतान किया ...और पढ़ें

बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के भुगतान में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। (एआई जनरेटेड फोटो)

बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के भुगतान में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. 720 स्वीकृत बेड के बजाय 783 बेड का भुगतान।

  2. प्रतिदिन के हिसाब से 1,066 रुपये अतिरिक्त वसूले।

  3. पिछले भुगतानों की जांच और वसूली की सिफारिश।

मोहित पांडेय, चंडीगढ़। शहर के सरकारी अस्पतालों से बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के भुगतान में प्रशासन को 3.89 लाख का फटका लगा है। अस्पतालों की स्वीकृत बेड क्षमता 720 होने के बावजूद भुगतान 783 बेड के हिसाब से किया गया।

यानी 63 ऐसे अतिरिक्त बेड के लिए भी सरकारी राशि जारी की गई, जिनकी भुगतान के लिए स्वीकृत क्षमता में कोई जगह नहीं थी। 63 अतिरिक्त बेड के लिए प्रति दिन 1,066.59 रुपये का भुगतान बनता है।

पूरे साल के हिसाब से यह राशि 3.89 लाख रुपये बैठती है। यह खुलासा ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने बायोमेडिकल वेस्ट के संग्रह और निस्तारण के लिए 29 सितंबर 2023 को मेसर्स एलायंस एन्वायरोकेयर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया था।

इसके तहत जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सिविल अस्पताल सेक्टर-22 और सिविल अस्पताल सेक्टर-45 से बायोमेडिकल वेस्ट उठाया जाना था।

समझौते के तहत प्रति बेड प्रतिदिन 16.12 रुपये का भुगतान तय किया गया था। इसमें बारकोड मैनेजमेंट सिस्टम समेत संबंधित सेवाएं शामिल थीं। बाद के विस्तार के लिए हर वर्ष पांच प्रतिशत की दर से वृद्धि का प्रविधान रखा गया था।

अस्पताल के बेड चार्ज से जुड़े रिकार्ड की जांच के दौरान सामने आया कि भुगतान 783 बेड के लिए किया गया, जबकि स्वीकृत बेड क्षमता केवल 720 थी। इस तरह 63 बेड का अतिरिक्त भुगतान किया गया। संबंधित अवधि में लागू दर 16.93 रुपये प्रति बेड प्रतिदिन थी।

हर दिन 1,066 रुपये अतिरिक्त 

63 अतिरिक्त बेड को 16.93 रुपये की दर से देखें तो प्रतिदिन 1,066.59 रुपये अतिरिक्त भुगतान बनता है। 30 दिन के हिसाब से यह राशि करीब 31,998 रुपये और 365 दिन के हिसाब से 3,89,304 रुपये बैठती है।

विवरण आंकड़ा
स्वीकृत बेड 720
भुगतान किए गए बेड 783
अतिरिक्त बेड 63
लागू दर ₹16.93 प्रति बेड प्रतिदिन
अतिरिक्त भुगतान प्रतिदिन ₹1,066.59
अतिरिक्त भुगतान 30 दिन में ₹31,997.70
अतिरिक्त भुगतान 365 दिन में ₹3,89,304.35


पिछले वर्षों के भुगतान की भी जांच की सिफारिश

ऑडिट में केवल मौजूदा मामले तक जांच सीमित रखने के बजाय पिछले वर्षों में संबंधित वेंडर को किए गए भुगतान का अस्पताल स्तर पर विश्लेषण करने की सिफारिश की है।

यदि पुराने रिकाॅर्ड में भी स्वीकृत बेड संख्या से अधिक भुगतान पाया जाता है तो उसके आधार पर उचित कार्रवाई करने को कहा गया है। ऑडिट में सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर सामान्य वित्तीय नियमों (जीएफआर) के नियम 21 का भी उल्लेख किया है।