देश की नंबर एक रिद्मिक प्लेयर पलक ने कहा- खिलाड़ियों को लय लाने के लिए जल्द शुरू हों खेल प्रतियोगिताएं
एमसीएम डीएवी कॉलेज-36 की पूर्व छात्रा पलक कौर मूलरूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं और सालों से जिमास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उनका मानना है कि सरकार को अब खेल प्रतियोगिताएं भी शुरूकर देनी चाहिए।
चंडीगढ़ [विकास शर्मा]। देश की नंबर वन रिद्मिक खिलाड़ी पलक कौर ने जल्द खेल प्रतियोगिताएं शुरू करने की मांग की है। पलक ने कहा कि अब कोरोना संक्रमण के प्रति लोग पूरी तरह से जागरूक हैं। तमाम खेल भी शुरू हो चुके हैं, अब खेल प्रतियोगिताएं भी शुरू हो जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं में ही खिलाड़ी को अपनी तैयारी का पता चलता है।
एमसीएम डीएवी कॉलेज-36 की पूर्व छात्रा पलक कौर मूलरूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं और सालों से जिमास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। पलक ने 5 साल की उम्र में जिम्नास्ट की कोचिंग लेना शुरू कर दिया था। 9 साल की उम्र में पलक ने स्कूल नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया। पलक अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर 40 मेडल जीत चुकी हैं। इसमें 20 गोल्ड मेडल हैं। इसके अलावा वह कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
शानदार रही हैं पलक की उपलब्धियां
- साल 2017, चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जिमनास्टिक प्रतियोगिता में 2 गोल्ड मेडल, 4 सिल्वर मेडल जीते।
- साल 2015, केरल में आयोजित 35 नेशनल गेम्स में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीता।
- साल 2014, मुंबई में आयोजित नेशनल आरजी चैंपियनशिप में 3 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रांज मेडल जीता।
- साल 2012, पंजाब में आयोजित नेशनल आरजी चैंपियनशिप में 1 सिल्वर और 1 ब्रांज मेडल जीता।
- साल 2011, रांची में आयोजित नेशनल गेम्स में 1 सिल्वर मेडल जीता।
-साल 2011, मुंबई में आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में 2 सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीता।
-साल 2010, जोधपुर में आयोजित नेशनल आरजी चैंपियनशिप में 3 सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीता।
-साल 2008, हैदराबाद में आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में 3 सिल्वर और 2 ब्रांज मेडल जीते।
-साल 2007, जोधपुर में आयोजित, नेशनल आरजी चैंपियनशिप में 3 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीता।
अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी कर चुकी हैं देश का प्रतिनिधित्व
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पलक कई सालों से भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पलक साल 2014 स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में, साल 2014 में उजबेकिस्तान कॉमनवेल्थ गेम्स में, साल 2010 नई दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में, साल 2008 रूस में आयोजित चिल्ड्रन ऑफ एशिया इंटरनेशनल गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उपलब्धियों के राष्ट्रपति कर चुके हैं सम्मानित
पलक की उपलब्धियों के साल 2018 में एमसीएम डीएवी कॉलेज में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पलक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा साल 2006 में जम्मू एंड कश्मीर सरकार ने जिमनास्टिक में शानदार प्रदर्शन के लिए पलक को शेरे-ए-कश्मीर अवार्ड से सम्मानित किया था। वह कई राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित हो चुकी हैं।
कोच बोले पलक से खासी उम्मीदें
पलक की कोच अर्जुन अवार्डी करूपाली पटेल सिंह और एसपी सिंह ने बताया कि पलक काफी मेहनती खिलाड़ी है। उसमें सीखने की ललक है। वह काफी सालों से मेहनत कर रही है, और कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खुद को साबित कर चुकी हैं।