फेस्टिवल सीजन में चंडीगढ़ में 13 जगह लगेंगे ग्रीन पटाखों के स्टॉल, लाइसेंस के लिए निकला ड्रॉ
चंडीगढ़ में फेस्टिवल सीजन के लिए 13 स्थानों पर ग्रीन पटाखों के स्टॉल लगेंगे, जिसके लिए 96 अस्थायी लाइसेंस ड्रॉ निकाला गया।

ग्रीन पटाखों के स्टॉल के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने निकाला ड्रॉ। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
फेस्टिवल सीजन में सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति होगी।
लाइसेंस के लिए 4100 आवेदनों में से ड्रॉ निकाला गया।
प्रशासन ने रखा है चंडीगढ़ में प्रदूषण नियंत्रण का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। फेस्टिवल सीजन में चंडीगढ़ में 13 जगह पटाखों के स्टॉल लगेंगे। सिर्फ ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी। इसके लिए 96 अस्थायी लाइसेंस के लिए सोमवार को उपायुक्त कार्यालय की ओर से सेक्टर-23 स्थित बाल भवन में ड्रॉ निकाला गया।
इन अस्थायी लाइसेंसों के लिए प्रशासन को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करीब 4100 आवेदन प्राप्त हुए थे। 96 स्टॉलों के लिए आवेदकों के बीच कड़ा मुकाबला रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित स्टॉलों पर केवल ग्रीन पटाखों की ही बिक्री की जा सकेगी। बिना प्रमाणित या प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का उद्देश्य दीवाली के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही लोगों से केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखे खरीदने और सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दीवाली मनाने का आग्रह किया गया है।
यहां लगेंगे पटाखों के स्टॉल
दशहरा ग्राउंड सेक्टर-43 में सबसे अधिक 15 स्टॉल निर्धारित हैं। इसके अलावा सेक्टर-46 की पुरानी रेहड़ी मार्केट के साथ लगते खुले मैदान में 11, रामदरबार के सब्जी मंडी ग्राउंड में 10, मनीमाजरा में फायर स्टेशन कार्यालय के पास खुले मैदान में 12 स्टॉल लगाए जाएंगे।
सेक्टर-49 में रयान इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के पास खुले सब्जी मंडी मैदान में सात, गुजरात भवन सेक्टर-24 के सामने छह तथा सेक्टर-33-सी, सेक्टर-37-सी, सेक्टर-28, सेक्टर-30, सेक्टर-40 और धनास में पांच-पांच स्टॉल निर्धारित किए गए हैं।
