चंडीगढ़ में सोना हुआ सस्ता, चांदी के दाम भी घटे; त्योहारी सीजन में खरीदारी का अच्छा मौका
चंडीगढ़ में त्योहारी सीजन से पहले सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। पिछले तीन महीनों में सोने ...और पढ़ें

त्योहारी सीजन में सोना-चांदी के रेट घटे। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सोने के दाम में 17,000 प्रति 10 ग्राम की गिरावट।
चांदी की कीमत 60,000 प्रति किलोग्राम तक कम।
त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए सुनहरा मौका।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन में सोना-चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं तो यह आपके लिए फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि तीन महीनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
कारोबारियों की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए लगभग 1.61 लाख रुपये थी, जो अब घटकर करीब 1.44 लाख रुपये रह गई है। इस तरह सोने के दाम में लगभग 17 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है।
इसी अवधि में चांदी की कीमत भी करीब 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर लगभग 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गई है। यानी चांदी के भाव में करीब 60 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है।
ज्वेलरी बाजार के लिए उम्मीद
कीमतों में इस बदलाव से उन ग्राहकों को खरीदारी का अवसर मिल सकता है, जो लंबे समय से बाजार में दाम कम होने का इंतजार कर रहे थे। त्योहारी सीजन में सोने-चांदी के नियंत्रित दाम ज्वेलरी बाजार के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आए हैं।
पिछले साल की तुलना में इस बार कीमतों में तेजी कम रहने और हाल के महीनों में आई गिरावट से ज्वेलर्स को बेहतर कारोबार की आस है। बाजार में ग्राहकों की इंक्वायरी बढ़ने लगी है और कारोबारियों को उम्मीद है कि इसका सकारात्मक असर धनतेरस की खरीदारी पर भी दिखाई देगा।
लाइटवेट ज्वेलरी का बढ़ रहा ट्रेंड
लाइटवेट ज्वेलरी के बढ़ते ट्रेंड के साथ चांदी के उपहार और सजावटी उत्पाद भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के कारण पिछले कुछ समय से खरीदारी को लेकर असमंजस में रहे ग्राहकों को अब राहत मिली है।
कीमतों में आई गिरावट से खरीदारी का बजट बनाने में आसानी हो रही है। ऐसे में त्योहारों पर गहने खरीदने के इच्छुक ग्राहक बाजार का रुख कर सकते हैं।
ज्वेलर्स भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नए डिजाइन और हल्के वजन के आभूषण उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं। पंचकूला ज्वेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीप कृष्ण चौहान का कहना है कि रेट कम होने से फेस्टिवल सीजन में लोगों ने खरीदारी भी बढ़ा दी है।
सोने का रेट
- 24 कैरेट सोना: 1,44,988 प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: 1,32,809 प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना :10,874 प्रति ग्राम
चांदी का रेट
• चांदी: 2,01,816 प्रति किलोग्राम
