विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारी सीजन में सोने की चमक पड़ी फीकी, 12 दिन में 7300 रुपये गिरे दाम; चंडीगढ़ में खरीदारी का रूझान

Published: Thu, 22 Oct 2026 04:41 PM (IST)

त्योहारी सीजन में चंडीगढ़ में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 12 दिनों ...और पढ़ें

सोने की कीमतों में बदलाव के बीच ग्राहकों की बाजार के रुख पर नजर। (सांकेतिक फोटो)

सोने की कीमतों में बदलाव के बीच ग्राहकों की बाजार के रुख पर नजर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. त्योहारी खरीदारी के बीच ग्राहकों को मिली राहत।

  2. 24 कैरेट सोना अब 1,47,000 प्रति 10 ग्राम पर।

  3. सोने के साथ चांदी के भाव में भी गिरावट आई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की खरीदारी के बीच कीमतों में गिरावट का रुख जारी है। 24 कैरेट सोने का भाव 10 अक्टूबर को 1,54,300 रुपये था, जो 22 अक्टूबर को घटकर 1,47,000 रुपये रह गया है।

इस तरह 12 दिनों में सोने की कीमत में 7,300 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। त्योहारी सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए कीमतों में आई यह नरमी राहत दे सकती है।

चंडीगढ़ ज्वेलर राजीव सहदेव की ओर से साझा किए गए ताजा भाव के अनुसार, 22 कैरेट सोना अब 1,35,200 रुपये पर आ गया है। 10 अक्टूबर को इसका भाव 1,41,900 रुपये था। इस तरह 22 कैरेट सोने की कीमत में 6,700 रुपये की कमी आई है।

वहीं, 18 कैरेट सोना 1,17,700 रुपये से घटकर 1,12,100 रुपये पर पहुंच गया है। इसकी कीमत में 5,600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। पंचकूला ज्वेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीप कृष्ण चौहान का कहना है कि रेट कम होने से फेस्टिवल सीजन में लोगों ने खरीदारी भी बढ़ा दी है।

14 कैरेट सोना 88,500 रुपये पर

ताजा भाव के अनुसार, 14 कैरेट सोने की कीमत 88,500 रुपये है। वहीं, 24 कैरेट सोने की प्लेट का भाव 1,46,800 रुपये दर्ज किया गया है। सोने की कीमतों में लगातार बदलाव के बीच ग्राहक खरीदारी से पहले बाजार के रुख पर नजर रख रहे हैं।

कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदने वालों को फायदा हो सकता है, हालांकि आगे भाव किस दिशा में जाएंगे, यह बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

चांदी 210 रुपये पर पहुंची

सोने के साथ चांदी के भाव में भी नरमी देखने को मिल रही है। ताजा रेट के अनुसार, चांदी 210 रुपये पर है, जबकि चांदी के सिक्के का भाव 2,300 रुपये है। 10 अक्टूबर को चांदी 230 रुपये और सिक्का 2,600 रुपये का था। इस तरह चांदी के भाव में 20 रुपये और सिक्के की कीमत में 300 रुपये की कमी आई है।

आभूषण विक्रेताओं के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार, डालर की चाल, निवेशकों की मांग और घरेलू बाजार की परिस्थितियों का असर पड़ता है। ग्राहकों को ध्यान रखना चाहिए कि आभूषण खरीदते समय बताए गए सोने के भाव के अलावा मेकिंग चार्ज, जीएसटी और अन्य लागू शुल्क भी जुड़ सकते हैं।