विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी-ब्याह के लिए सोना खरीदने का मौका, चंडीगढ़ में एक दिन में 3700 रुपये लुढ़का 24 कैरेट गोल्ड

Published: Thu, 27 Aug 2026 06:04 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ में 24 कैरेट सोने के दाम में एक दिन में 3,700 की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शादी-ब्याह और त्योहारी खरीदारी करने वालों को राहत मिली है।

24 कैरेट सोना एक ही दिन में 3,700 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटा।

24 कैरेट सोना एक ही दिन में 3,700 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटा।

HighLights

  1. विश्व बाजार की हलचल का असर

  2. चांदी के दाम में भी 7 रुपये गिरावट।

  3. खरीदार बोले-गिरावट से मिली राहत।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। लगातार रिकाॅर्ड स्तर के आसपास कारोबार कर रहे सोने के भाव में वीरवार को अचानक बड़ी गिरावट आ गई। 24 कैरेट सोना एक ही दिन में 3,700 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गया।

विश्व बाजार में सोने की कीमतों में दबाव, डालर की चाल और निवेशकों की गतिविधियों में बदलाव का असर घरेलू सराफा बाजार पर भी दिखाई दिया। सोने के भाव में आई इस गिरावट से शादी-ब्याह और त्योहारी खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों को कुछ राहत मिली है।

ज्वेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सहदेव के अनुसार बुधवार को 24 कैरेट सोना 1,66,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो घटकर वीरवार को 1,63,000 रुपये रह गया। 22 कैरेट सोने का भाव भी 1,53,300 रुपये से गिरकर 1,49,900 रुपये हो गया।

18 कैरेट सोना 1,27,100 रुपये से घटकर 1,24,200 रुपये और 14 कैरेट सोना 1,00,300 रुपये से गिरकर 98,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।गिन्नी का भाव भी 1,27,000 रुपये से गिरकर 1,24,000 रुपये हो गया। प्लेट सोने में भी 3,500 रुपये की कमी आई और इसका भाव 1,66,400 रुपये से घटकर 1,62,900 रुपये रह गया।

चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

सोने के साथ चांदी के भाव में भी गिरावट दर्ज हुई। 26 अगस्त को चांदी 254 रुपये थी, जो 27 अगस्त को घटकर 247 रुपये रह गई। चांदी के सिक्के का भाव भी 2,900 रुपये से कम होकर 2,800 रुपये रह गया।

खरीदार बोले—गिरावट का इंतजार था

सोने के भाव में अचानक आई गिरावट से खरीदारों के चेहरे पर राहत नजर आई। शादी के लिए आभूषण खरीदने पहुंचे लोगों का कहना था कि पिछले कुछ समय से जिस तरह सोने के भाव लगातार बढ़ रहे थे, उससे बजट बिगड़ रहा था।

एक खरीदार ने कहा कि “अगर भाव में और गिरावट आती है तो शादी की खरीदारी के लिए यह अच्छा मौका होगा। अभी जरूरत का सामान खरीदेंगे, लेकिन पूरा बजट एक साथ खर्च करने से बचेंगे।”

एक अन्य खरीदार ने कहा कि सोना काफी महंगा हो चुका है, इसलिए कुछ हजार रुपये की गिरावट भी बड़ी खरीदारी में अच्छा अंतर डालती है। हालांकि कई ग्राहक यह भी मान रहे हैं कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव जारी रहा तो आने वाले दिनों में भाव और नीचे आ सकते हैं, इसलिए वे बड़ी खरीदारी के लिए एक-दो दिन बाजार की दिशा देखने के पक्ष में हैं।

छह दिन में ऐसे बदला भाव

21 अगस्त को 24 कैरेट सोना 1,64,000 रुपये था। 22 अगस्त को यह बढ़कर 1,66,100 रुपये और 24 अगस्त को 1,66,800 रुपये पहुंच गया। 25 अगस्त को भी भाव इसी स्तर पर रहा। 26 अगस्त को मामूली गिरावट के बाद यह 1,66,700 रुपये था, लेकिन 27 अगस्त को अचानक 1,63,000 रुपये पर आ गया।