चंडीगढ़ बेटी BW Applause Award 2021 में बनी बेस्ट एंकर, प्रो कबड्डी में भी एंकरिंग कर चुकी है आंचल बाजवा
सिटी ब्यूटीफुल की बेटी आंचल बाजवा ने बीडब्ल्यू अप्लॉज अवार्ड 2021 में दो गोल्ड मेडल जीते हैं। अवॉर्ड शो में आंचल को बेस्ट एंकर और बेस्ट प्राइवेट और साेशल व स्टाइलिश इमेसी के अवॉर्ड नवाजा गया। बता दें कि आंचल प्रो कबड्डी में भी एंकरिंग कर चुकी है।
चंडीगढ़, [वैभव शर्मा]। कड़ी मेहनत और लग्न से हर मुश्किल काम हो जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है शहर की बेटी आंचल बाजवा ने। जिन्होंने बीडब्ल्यू अप्लॉज अवॉर्ड 2021 में दो गोल्ड मेडल जीते हैं। वैसे बीडब्ल्यू अप्लॉज अवॉर्ड हर वर्ष देश के अलग-अलग राज्यों में आयोजित होते हैं लेकिन कोरोना की वजह से इस साल इसे ऑनलाइन आयोजित किया गया। अवॉर्ड शो में आंचल को बेस्ट एंकर और बेस्ट प्राइवेट और साेशल व स्टाइलिश इमेसी के अवॉर्ड नवाजा गया।
आंचल ने बताया कि उन्हें खुशी हो रही है कि उन्हें यह सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि यह सब उनकी मां के आशीर्वाद और मेहनत से हुआ है। आंचल की मां डॉ. निक्की बाजवा के साथ से ही सफलता के आसमान को छू रही है। उनका एंकरिंग करने का स्टाइल सबसे अलग है जिससे हर कोई उनकी एंकरिंग के फैन है।
आंचल की सफलता पर सबसे ज्यादा खुशी उनकी मां निक्की को हो रही है। निक्की ने बताया कि आंचल ने अपनी मेहनत और लग्न से आज यह मुकाम हासिल किया है। लड़की होने के बावजूद आंचल ने कभी भी कठिनाई और मुश्किल समय में हार नहीं मानी।
स्कूल और कॉलेज से एंकरिंग का सफर पहुंचा खेल मैदान तक
आंचल स्कूल और कॉलेज में भी एंकरिंग करती रही थी। धीरे धीरे एंकरिंग का यह सफर खेल के मैदान तक जा पहुंचा। आंचल ने प्रो. कबड्डी लीग जैसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स में अपनी एंकरिंग से हर किसी को आकर्षित किया। वहीं वर्ष 2018 में चंडीगढ़ की आंचल प्रो. कबड्डी लीग में एंकरिंग करने वाली ट्राईसिटी की पहली एंकर भी बनी। इसके बाद आंचल स्टार स्पोर्ट्स- प्रो कबड्डी और कलर्स इन्फिनिटी-ग्लोबल पोकर लीग के साथ बॉक्स क्रिकेट लीग और महालक्ष्मी रेस कोर्स (मुंबई) में रेसिंग सीजन के लिए एंकरिंग की।
इंजीनियरिंग के साथ स्पोर्ट्स में भी नहीं पीछे
आंचल ने पीयू के यूआइईईटी से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है और खेल भी 300 से ज्यादा मेडल जीते है। एंकरिंग और स्टाइल के अलावा आंचल स्पोर्ट्स में भी पीछे नहीं है। स्कूल और कॉलेज स्तर पर आंचल के नाम कई मेडल हैं। आंचल ने अपने आपको एक ही खेल तक सीमित नहीं रखा था। तैराकी, वुशू, मार्शल आर्ट्स और एथलेटिक्स के लिए इंटर स्कूल, डिस्ट्रिक्ट, स्टेट और नेशनल लेवल पर कई पुरस्कार जीते।
प्रेसिडेंटल अवॉर्ड और स्टेट अवॉर्ड से हुई सम्मानित
उन्हें वर्ष 2006 में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। यह एक प्रेसिडेंटल अवॉर्ड जो भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसे 18 वर्ष से कम उम्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने पर दिया जाता है। आंचल को वर्ष 2007 और 2009 में पंजाब सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के रूप में दो बार खेलों उत्कृष्टता अवॉर्ड मिला है। इसके अलावा दिल्ली में हुई मैराथन में आंचल ने दो ब्रांज मेडल भी जीते हैं।