विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में गैस कनेक्शन कटने का मैसेज आए तो हो जाएं अलर्ट, डर दिखाकर ठगों ने 4.13 लाख रुपये उड़ाए

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:54 PM (IST)

चंडीगढ़ में साइबर ठगों ने गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से 4.13 लाख रुपये ...और पढ़ें

मैसेज भेज रात 9 बजे तक बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी।

मैसेज भेज रात 9 बजे तक बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी।

HighLights

  1. काॅल करने पर ठग ने 12 रुपये बिल जमा कराने का झांसा दिया।

  2. अदाणी गैस के नाम पर वाट्सएप संदेश भेजकर फंसाया।

  3. पीड़ित के बैंक खातों से 4.13 लाख रुपये निकाले गए।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। गैस पाइपलाइन का कनेक्शन काटने की धमकी देकर साइबर ठगों ने सेक्टर-44ए के एक निवासी के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से 4.13 लाख रुपये निकाल लिए।

रंजन कुमार साह को व्हाट्सएप पर अदाणी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से मैसे भेजा गया था, जिसमें रात नौ बजे तक बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। पीड़ित ने उस संदेश में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिससे उसे भारी नुकसान हुआ।

शिकायत के अनुसार, शाम करीब छह बजे रंजन कुमार ने गैस बिल से संबंधित संदेश देखा। संदेश में कहा गया था कि यदि रात नौ बजे तक बिल जमा नहीं किया गया, तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।

पीड़ित ने दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया, जहां सामने वाले व्यक्ति ने कहा कि बिल जमा करने के लिए 12 रुपये का भुगतान करना होगा, जो अगले महीने के बिल में समायोजित कर दिया जाएगा। साइबर क्राइम थाना ने रंजन कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

हालांकि, रंजन ने बताया कि वह पहले ही बिल जमा कर चुका है। इस पर ठग ने कहा कि पिछला भुगतान गूगल-पे से हुआ है और अब बताए गए खाते में भुगतान करना होगा, वरना कनेक्शन काट दिया जाएगा।

पीड़ित को संदेह हुआ और उसने बैंक से बात करने की बात कहते हुए फोन काट दिया। इसके बाद ठगों ने उसके बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से रकम निकालना शुरू कर दिया।

रात करीब 9:13 बजे से 10:05 बजे तक कई ट्रांजेक्शन हुए, जिनमें 1.14 लाख और 40 हजार रुपये समेत अन्य रकम निकाली गई। इसके अलावा, क्रेडिट कार्ड से भी कई ट्रांजेक्शन किए गए, जिनमें करीब 97,850 रुपये की दो बड़ी निकासी शामिल हैं। इस प्रकार, कुल मिलाकर 4,13,000 रुपये की राशि ठगों ने निकाल ली।