दोस्ती का आखिरी सफर...चंडीगढ़ में एक युवती की सड़क हादसे में मौत, दूसरी ने सदमे में लगाया फंदा
चंडीगढ़ में दोस्ती का दर्दनाक अंत हुआ, जहां एक युवती की सड़क हादसे में मौत के बाद उसकी सहेली ने ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में दो युवतियों की दोस्ती का दर्दनाक अंत। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
सड़क हादसे में प्रीति की मौत, सहेली कोमल ने की आत्महत्या।
चंडीगढ़ में गहरी दोस्ती का दर्दनाक अंत, दो युवतियों की मौत।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार को दोहरा सदमा।
मनोज बिष्ट, चंडीगढ़। दोस्ती के दर्दनाक सफर का एक किस्सा चंडीगढ़ में दर्ज हुआ है। सड़क हादसे में एक युवती ने दम तोड़ा तो दूसरी ने सदमे में फंदा लगाकर जान दे दी। इससे भाई की शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई।
मोहाली के झुझार नगर की रहने वाली करीब 25 वर्षीय कोमल सेक्टर-22 चंडीगढ़ में निजी नौकरी करती थी। उसके साथ उसकी सहेली सेक्टर-25 निवासी प्रीति भी काम करती थी। दोनों की दोस्ती इतनी गहरी थी कि नौकरी पर जाना हो या कहीं निजी काम से जाना हो, दोनों अक्सर साथ ही निकलती थीं।
खान-पान से लेकर रोजमर्रा की जिंदगी तक दोनों एक-दूसरे के साथ रहती थीं। प्रीति के भाई संदीप की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए कोमल भी प्रीति के घर सेक्टर-25 में आई हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच दोनों सहेलियां भी खुशियों में शामिल थीं।
16 सितंबर की शाम दोनों एक्टिवा पर सेक्टर-22 में निजी काम से जा रही थीं। एक्टिवा प्रीति चला रही थी और कोमल पीछे बैठी थी। शाम करीब 3:45 बजे दोनों किसान भवन चौक से सेक्टर-23 की ओर जाने वाली स्लिप रोड पर मुड़ी ही थीं कि पीछे से आई एक बस ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
हिमाचल रोडवेज के बस चालक ने तेज गति से बिना हार्न दिए ओवरटेक किया और बस के पिछले हिस्से से एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गईं। प्रीति के सिर और माथे पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गई।
राहगीरों और वाहन चालक की मदद से दोनों को उपचार के लिए भेजा गया। बस चालक सोलन निवासी शमशेर सिंह को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया गया।
प्रीति की मौत ने तोड़ दिया कोमल को
हादसे के बाद प्रीति का इलाज चल रहा था, लेकिन 17 सितंबर को उसने दम तोड़ दिया। यह खबर उसकी सहेली कोमल तक पहुंची तो वह प्रीति के घर चली गई। दोनों के बीच इतनी गहरी दोस्ती थी कि प्रीति की मौत का सदमा कोमल सहन नहीं कर सकी।
प्रीति के परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। कोमल ऊपर कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार को अनहोनी का पता चला। उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शादी की खुशियां एक दिन में मातम में बदलीं
प्रीति के भाई की शादी के चलते घर में कुछ दिन पहले से ही खुशी का माहौल था। रिश्तेदार आ रहे थे और शादी की तैयारियां चल रही थीं। प्रीति खुद भी परिवार की खुशी में शामिल थी और उसकी सहेली कोमल भी उसके साथ थी।
लेकिन सड़क हादसे ने पहले प्रीति की जिंदगी छीन ली और उसके अगले दिन कोमल की मौत ने परिवार को दोहरा सदमा दे दिया। एक दिन में एक ही परिवार से जुड़ी दो युवतियों की मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। दोनों सहेलियों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
