विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर बाजारों में जाम से कैसे निपटें? ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मंडल को दिए सुझाव

Published: Thu, 15 Oct 2026 12:36 PM (IST)

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने त्योहारों के सीजन में बाजारों में भीड़ और जाम से निपटने के लिए व्यापार मंडल को ...और पढ़ें

फेस्टिवल सीजन में बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा। (सांकेतिक फोटो)

फेस्टिवल सीजन में बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मंडल को दिए अहम सुझाव।

  2. दुकानदारों को दुकानों के पीछे पार्किंग की सलाह।

  3. अस्थायी पार्किंग, स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर।

बलवान करिवाल, चंडीगढ़। त्योहारों के सीजन में शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मंडल को जरूरी कदम उठाने के सुझाव दिए हैं।

सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस, सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक सुमेर प्रताप सिंह ने चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन संजीव चड्ढा को पत्र लिखकर बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ मिलकर काम करने को कहा है।

पत्र में कहा गया है कि पिछले त्योहारों के सीजन में शहर के बाजारों के आसपास काफी ट्रैफिक जाम लगा था। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार दुकानदारों और ग्राहकों को पार्किंग के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने की जरूरत है।

पुलिस ने दुकानदारों को अपनी गाड़ियां दुकानों के सामने पार्किंग में खड़ी करने के बजाय दुकानों के पीछे खड़ी करने की सलाह दी है, ताकि बाजारों के सामने वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

ट्रैफिक प्रबंधन में सहयोग के लिए मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों को अपने वाॅलंटियर तैनात करने का सुझाव भी दिया गया है। ये वाॅलंटियर बाजारों के सामने यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस की मदद कर सकेंगे। इसके अलावा ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े करने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।

अस्थायी पार्किंग के इस्तेमाल पर जोर

पुलिस ने इस सीजन के लिए निर्धारित सरकारी स्कूलों, कम्युनिटी सेंटरों और अन्य स्थानों पर अस्थायी पार्किंग का इस्तेमाल करने पर जोर दिया है। ग्राहकों को इन पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने के लिए बाजारों में दिशा-निर्देश वाले सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया गया है। इससे लोगों को पार्किंग तलाशने में कम परेशानी होगी और बाजारों के आसपास वाहनों की अनावश्यक आवाजाही घटेगी।

पत्र में दुकानदारों को पार्किंग स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने और दुकानों के सामने रेहड़ी-फड़ी नहीं लगने देने की सलाह दी गई है। साथ ही फुटपाथ और साइकिल ट्रैक पर वाहन खड़े करने से बचने को कहा गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मंडल से इन सुझावों को सभी मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों तक पहुंचाने और त्योहारों के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।

बुधवार को व्यापार मंडल ने भी उठाया था मुद्दा

त्योहारों के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बुधवार को चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी ट्रैफिक और एसएसपी लॉ एंड ऑर्डर से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने बाजारों के आसपास सरकारी स्कूलों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग रखी थी।

इसके साथ ही बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात प्रबंधन के लिए उचित इंतजाम करने का आग्रह किया था, ताकि त्योहारों के दौरान खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम और पार्किंग की समस्या से राहत मिल सके।