चंडीगढ़ में चोरी की बिजली से बनाया चार्जिंग प्वॉइंट, रोजाना 20 से ज्यादा ई-रिक्शा चार्ज किए जाते, CPDL का छापा
चंडीगढ़ में बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक अवैध चार्जिंग प्वाइंट पर रोजाना 20 से अधिक ...और पढ़ें

मनीमाजरा के शास्त्री नगर में बिजली चाेरी पर कार्रवाई करते सीपीडीएल के कर्मचारी।
HighLights
मनीमाजरा के शास्त्री नगर में अवैध चार्जिंग प्वाॅइंट का खुलासा।
लो-वोल्टेज मेन लाइन से सीधे हुक डालकर बिजली ले रखी थी।
आबादी एरिया में बना था सुरक्षा का खतरा, सीपीडीएल ने की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। स्मार्टसिटी चंडीगढ़ में चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्ज करने का बड़ा मामला सामने आया है। चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) की विजिलेंस टीम ने मनीमाजरा के शास्त्री नगर में अवैध चार्जिंग प्वाॅइंट का भंडाफोड़ किया। जांच में पता चला कि यहां रोजाना 20 से ज्यादा ई-रिक्शा को अवैध कनेक्शन से चार्ज किया जा रहा था।
इसके लिए करीब 30 किलोवाॅट बिजली का इस्तेमाल हो रहा था। सीपीडीएल के अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ता के पास बिजली का वैध कनेक्शन तो था, लेकिन लोड कम था। ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में लो-वोल्टेज मेन लाइन से सीधे हुक डालकर बिजली ले रखी थी। अधिकृत मीटर को बाईपास कर पूरा सेटअप चलाया जा रहा था।
बड़ा सुरक्षा खतरा
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह सीधे लाइन से बिजली चोरी करना बड़ा सुरक्षा खतरा है। अवैध वायरिंग से शॉर्ट सर्किट, आग लगने और करंट से जान जाने का खतरा बना रहता है। शास्त्री नगर जैसे घनी आबादी वाले इलाके में यह और भी खतरनाक था।
शहर भर में चल रही जांच
अधिकारियों ने बताया कि शहर में ई-रिक्शा की संख्या तेजी से बढ़ी है और कई जगह चार्जिंग स्टेशनों की खपत स्वीकृत लोड से ज्यादा पाई जा रही है। इसी को लेकर विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। टीम अलग-अलग इलाकों में जाकर चार्जिंग स्टेशनों के लोड और मीटर की जांच कर रही है।
सीपीडीएल ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि बिजली चोरी रोकने के लिए शहर में नियमित जांच अभियान जारी रहेंगे। ऐसे मामलों का पता लगाकर बिजली वितरण नेटवर्क को सुरक्षित रखा जाएगा।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे लालच में अवैध कनेक्शन न लें। ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए अलग से कमर्शियल कनेक्शन लेना अनिवार्य है और बिजली का इस्तेमाल केवल अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही करें।
