विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहब लोगों को चाहिए चंडीगढ़ में नौकरी, डेपुटेशन के लिए वरिष्ठता भी छोड़ने को तैयार; 94 पदों पर 329 आवेदन

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:31 PM (IST)

चंडीगढ़ शिक्षा विभाग में प्रतिनियुक्ति पर 94 पदों के लिए 329 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें प्रिंसिपल और हेडमास्टर जैसे ...और पढ़ें

प्रिंसिपल, हेडमास्टर समेत विभिन्न कैडर के 94 पद डेपुटेशन के आधार पर भरे जाएंगे। (एआई जनरेटेड फोटो)

प्रिंसिपल, हेडमास्टर समेत विभिन्न कैडर के 94 पद डेपुटेशन के आधार पर भरे जाएंगे। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ शिक्षा विभाग में 94 प्रतिनियुक्ति पदों के लिए 329 आवेदन मिले।

  2. अधिकारी चंडीगढ़ में डेपुटेशन हेतु अपनी वरिष्ठता छोड़ने को तैयार।

  3. दो प्रिंसिपल पदों पर नियुक्ति हेतु पंजाब-हरियाणा से आवेदन।


सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। चंडीगढ़ का क्रेज लोगों पर हमेशा ही सिर चढ़ कर बोलता है। यह क्रेज इतना ज्यादा है कि डेपुटेशन पर चंडीगढ़ आने के लिए लोग अपनी वरिष्ठता भी छोड़ने को तैयार रहते हैं। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग में प्रिंसिपल, हेडमास्टर समेत विभिन्न कैडर के 94 पद डेपुटेशन के आधार पर भरे जाने हैं, जिनके लिए कुल 329 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इनमें दो प्रिंसिपल पदों के लिए पंजाब से 14 और हरियाणा से दो आवेदन पहुंचे हैं। पंजाब से आवेदन करने वालों में स्कूल आफ एमिनेंस के प्रिंसिपल से लेकर डिप्टी डीईओ, असिस्टेंट डायरेक्टर और डाइट के प्रिंसिपल स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

आवेदकों की आठ और नौ अक्टूबर को सेक्टर-9 स्थित निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यालय में इंटरैक्शन होगी। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां की जाएंगी। ये नियुक्तियां पंजाब और हरियाणा के डेपुटेशन कोटे के अनुसार होनी हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों के 20 प्रतिशत और प्रिंसिपलों के 25 प्रतिशत पद डेपुटेशन के लिए आरक्षित हैं। इन पदों पर चंडीगढ़ प्रशासन सीधे भर्ती नहीं करता, बल्कि निर्धारित कोटे के तहत पंजाब और हरियाणा से कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है।

11 में से दो प्रिंसिपल पद खाली

शहर के 42 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपल के 11 पद पंजाब और हरियाणा के डेपुटेशन कोटे के तहत आरक्षित हैं। इनमें से नौ पदों पर पंजाब और हरियाणा के प्रिंसिपल सेवाएं दे रहे हैं, जबकि दो पदों पर नियुक्ति होनी है। इन दो पदों के लिए पंजाब से 14 और हरियाणा से दो आवेदन हैं।

हरियाणा से आवेदन करने वाले दोनों अधिकारी वर्तमान में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पंजाब से डिप्टी डीईओ और असिस्टेंट डायरेक्टर स्तर के अधिकारियों ने भी आवेदन किया है।

इससे पहले गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खुड्डा लाहौरा में कार्यरत प्रिंसिपल कुलदीप सिंह भी डिप्टी डायरेक्टर का पद छोड़कर चंडीगढ़ में प्रिंसिपल के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।

पंजाब से आवेदन करने वाले प्रमुख अधिकारी

नाम पद स्थान
मुनीश मोहन शर्मा प्रिंसिपल, डाइट चीमा जोधपुर, बरनाला
रीतु बाला डिप्टी डीईओ मोहाली
डाॅ. अमनदीप कौर असिस्टेंट डायरेक्टर, प्रिंसिपल प्राइवेट एडेड स्कूल ब्रांच मोहाली
डाॅ. राजीव कुमार असिस्टेंट डायरेक्टर, एससीईआरटी पंजाब मोहाली
अंग्रेज सिंह डिप्टी डीईओ कार्यालय मोहाली
डाॅ. आनंद गुप्ता प्रिंसिपल, डाइट फतेहगढ़ साहिब
जसकिरत कौर डीजीएसई मोहाली
लविश चावला प्रिंसिपल, स्कूल ऑफ एमिनेंस फेज-11, मोहाली
सुनीता रानी प्रिंसिपल, स्कूल ऑफ एमिनेंस बांखरपुर, मोहाली

 

डेपुटेशन पर नियुक्तियां करना प्रशासन की नाकामी दर्शाता है। चंडीगढ़ कैडर के कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन नहीं दी जा रही है, जबकि डेपुटेशन के सहारे विभाग चलाया जा रहा है, जो अनुचित है। -स्वर्ण सिंह कंबोज, प्रेसिडेंट, यूटी कैडर एजुकेशनल इंप्लाइज यूनियन

 

डेपुटेशन पर नियुक्तियां केंद्र के नियमों के अनुसार हों तो कोई दिक्कत नहीं है। इस समय कर्मचारियों को प्रमोशन देने के बजाय कोटे के तहत डेपुटेशन पर नियुक्तियां की जा रही हैं। प्रशासन नियमित भर्ती के लिए रिक्रूटमेंट एजेंसी भी सामने नहीं ला पा रहा है। इस व्यवस्था पर प्रशासन को विचार करना चाहिए। -अमिताभ कश्यप, सचिव, टीचर्स एसोसिएशन आफ सिटी ब्यूटीफुल