विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में कल शाम ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, दशहरा उत्सव के चलते जान लें कहां क्या रहेगी व्यवस्था

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:56 PM (IST)

चंडीगढ़ में दशहरा पर्व के चलते 20 अक्टूबर को शाम 5 से 7 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा और विशेष ...और पढ़ें

ट्रैफिक इंतजामों को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी। (सांकेतिक फोटो)

ट्रैफिक इंतजामों को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. दशहरा पर शाम 5-7 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।

  2. सेक्टर-17, 46, 34 में विशेष पार्किंग की व्यवस्था।

  3. नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दशहरा पर्व के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

20 अक्टूबर को शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर दशहरा समारोह आयोजित होंगे। इनमें सेक्टर-17 का परेड ग्राउंड, सेक्टर-46 का दशहरा ग्राउंड और सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारे के सामने का क्षेत्र शामिल है।

इन स्थानों पर आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है। शाम पांच से सात बजे तक कुछ मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।

सेक्टर-17 परेड ग्राउंड के लिए यहां करें पार्किंग

सेक्टर-17 परेड ग्राउंड में दशहरा देखने आने वाले लोगों के लिए सेक्टर-22 के ए और बी मार्केट की पार्किंग, सेक्टर-17 फुटबाल ग्राउंड, नीलम सिनेमा के आगे और पीछे की पार्किंग तथा सेक्टर-17 लोकल बस स्टैंड के साथ लगती पार्किंग निर्धारित की गई है।

यातायात को नियंत्रित करने के लिए शाम पांच से सात बजे तक सेक्टर-17 आइएसबीटी चौक की ओर आने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।

इसमें सेक्टर-17/18 लाइट प्वाॅइंट, अरोमा लाइट प्वाॅइंट, सेक्टर-18/19/20/21 चौक और क्रिकेट स्टेडियम चौक से आने वाला यातायात शामिल है। इस अवधि में संबंधित मार्ग पर केवल बसों को चलने की अनुमति होगी।

सेक्टर-46 में इन पार्किंग स्थलों का करें इस्तेमाल

सेक्टर-46 दशहरा ग्राउंड में आने वाले लोगों के लिए सेक्टर-46 मार्केट पार्किंग और सेक्टर-46डी बूथ मार्केट के साथ लगती पार्किंग निर्धारित की गई है।

सेक्टर-45/46 लाइट प्वाॅइंट से सेक्टर-46 की ओर जाने वाली सड़क और सेक्टर-46बी एवं सी टी-प्वाॅइंट से दशहरा ग्राउंड की ओर जाने वाले मार्ग पर शाम पांच से सात बजे तक आम लोगों के यातायात को डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा।

इसका उद्देश्य दशहरा समारोह के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करना है।

सेक्टर-34 में पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

सेक्टर-34 में गुरुद्वारे के सामने आयोजित होने वाले दशहरा समारोह के लिए पांच पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें सेक्टर-34 की सब्जी मंडी ग्राउंड, श्याम माल पार्किंग, लाइब्रेरी बिल्डिंग पार्किंग, काॅम्प्लेक्स पार्किंग और सेक्टर-33डी मार्केट के पास खुला मैदान शामिल हैं।

सेक्टर-34ए और डी में डिस्पेंसरी के पास से सेक्टर-34 मार्केट की ओर जाने वाली सड़क तथा सेक्टर-33/34 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-34 की ओर जाने वाले मार्ग पर शाम पांच से सात बजे तक यातायात डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा।

नो पार्किंग में वाहन खड़े किए तो होगी कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से दशहरा पर्व के दौरान कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार नजदीकी बाजारों और स्थानों तक जाने के लिए संभव हो तो पैदल जाएं। निजी वाहनों की संख्या कम करने के लिए कार पूलिंग का भी इस्तेमाल करें।

लोगों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने चाहिए और इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वाहन निर्धारित स्थान से अधिक जगह न घेरें। नो पार्किंग जोन और सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे वाहनों को टो किया जा सकता है या क्लैंप लगाया जा सकता है। इसके अलावा साइकिल ट्रैक और पैदल चलने वालों के रास्तों पर वाहन खड़े करने या चलाने से बचने की सलाह दी गई है। यदि किसी वाहन को टो किया जाता है या क्लैंप लगाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1073 या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकता है।