चंडीगढ़ में केमिस्ट शॉप्स पर छापे, नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले कैप्सूल और सिरप का स्टॉक जब्त
चंडीगढ़ प्रशासन ने नशे के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए तीन केमिस्ट दुकानों पर छापा मारा। इन छापों में ...और पढ़ें

तीनों दुकानों से 1748 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप बरामद।
HighLights
चंडीगढ़ में तीन केमिस्ट दुकानों पर औषधि नियंत्रण विंग की छापेमारी।
प्रेगाबालिन, ट्रामाडोल, कोडीन युक्त 1748 कैप्सूल और 38 सिरप जब्त।
जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 66 हजार रुपये, रिकॉर्ड नहीं मिले।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन के औषधि नियंत्रण विंग ने शहर की तीन केमिस्ट शॉप्स पर छापेमारी कर प्रेगाबालिन, ट्रामाडोल और कोडीन युक्त दवाएं जब्त की हैं। तीनों दुकानों से 1748 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप बरामद हुए हैं।
जब्त दवाओं की कुल अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये है। संबंधित फर्मों के पास जब्त दवा की खरीद और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड भी नहीं मिले। कार्रवाई मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुरूप नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए की गई।
औषधि नियंत्रक की ओर से तीनों फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सेक्टर-40 स्थित साईं मेडिकल एजेंसी से प्रेगाबालिन युक्त पांच प्रकार की दवा के 820 कैप्सूल जब्त किए गए। दुकान संचालक जब्त दवा की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका।
सेक्टर-41 स्थित सूद मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की गई। यहां से ट्रामाडोल और कोडीन युक्त तीन प्रकार की दवा, 120 कैप्सूल और कफ सिरप की 35 बोतलें बरामद की गईं। इनकी कीमत करीब 27 हजार रुपये है। संबंधित रिकॉर्ड नहीं दिखाए जाने पर दवा जब्त कर ली गईं।
सेक्टर-23-सी स्थित राय मेडिकोज से प्रेगाबालिन और कोडीन फॉस्फेट युक्त पांच प्रकार की दवा के 800 कैप्सूल और कफ सिरप की तीन बोतलें जब्त की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये है।
