विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ की सड़कों पर फिर से दौड़ेंगी डबल डेकर बस, मात्र 75 रुपये किराया देकर घूम सकेंगे पूरा शहर

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:05 AM (IST)

चंडीगढ़ में हाॅप-ऑन हाॅप-ऑफ डबल डेकर ओपन बस सेवा एक साल से अधिक समय बाद फिर से शुरू हो रही ...और पढ़ें

हाॅप-ऑन हाॅप-ऑफ डबल डेकर ओपन बस सेवा फिर से शुरू होने जा रही।

हाॅप-ऑन हाॅप-ऑफ डबल डेकर ओपन बस सेवा फिर से शुरू होने जा रही।

HighLights

  1. बस खराब होने के कारण सेवा बंद हो गई थी।

  2. होटल शिवालिक व्यू की पार्किंग में खड़ी थी बस।

  3. पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों को नया अनुभव।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। ट्राईसिटी के बाशिंदों और चंडीगढ़ घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। चंडीगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर कराने वाली हाॅप-ऑन हाॅप-ऑफ डबल डेकर ओपन बस सेवा करीब एक साल से ज्यादा समय बाद फिर से शुरू होने जा रही है।

खुले आसमान और शहर की खूबसूरत सड़कों, हरियाली तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों का नजारा देख सकेंगे। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) ने बस को मरम्मत शुरू करवा दी है।

यह बस सेवा पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। खासकर युवाओं और परिवारों में डबल डेकर ओपन बस में घूमने का काफी क्रेज था। मात्र 75 रुपये किराया देकर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलती थी।

बस खराब होने के कारण सेवा बंद हो गई थी और बस सेक्टर-17 स्थित होटल शिवालिक व्यू की पार्किंग में खड़ी थी। अब इसे दोबारा शुरू करने की कवायद से शहर के पर्यटन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

इन पर्यटन स्थलों की कर सकेंगे सैर

हाॅप-ऑन हाॅप-ऑफ डबल डेकर ओपन बस सेवा के माध्यम से सुखना लेक, राॅक गार्डन, कैपिटल काॅम्प्लेक्स, सेक्टर-17 प्लाजा, रोज गार्डन, पंजाब यूनिवर्सिटी और सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलती है।

परिवार और ग्रुप के लिए भी थी बुकिंग की सुविधा

सिटको की ओर से इस बस को व्यक्तिगत यात्राओं के साथ परिवारों और समूहों के लिए भी उपलब्ध कराया जाता था। पहले आधे दिन की बुकिंग के लिए 5900 रुपये और पूरे दिन की बुकिंग के लिए 11,800 रुपये का विकल्प था। विशेष अवसरों पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ भी इस बस में घूमने का आनंद लेते थे। बस शुरू होने पर भी इस रेट पर सुविधा मिलेगी।

पर्यटन को बढ़ावा देने में मिलेगी मदद

चंडीगढ़ प्रशासन शहर को प्रमुख अर्बन टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। ऐसे में डबल डेकर ओपन बस सेवा की बहाली महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शहर में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन स्थलों पर सुविधाएं विकसित करने के साथ-साथ पर्यटकों को आकर्षित करने वाली गतिविधियां भी जरूरी हैं। बस सेवा दोबारा शुरू होने से पर्यटकों को घूमने का एक अलग अनुभव मिलेगा और शहर की पर्यटन पहचान को मजबूती मिल सकती है।