मौसम में बदलाव के साथ चंडीगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, पंखे-कूलर की हवा हुई कम, अब डेंगू का मच्छर उड़ा रहा नींद
चंडीगढ़ में मौसम बदलने के साथ ही डेंगू के 24 मामले सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की ...और पढ़ें

HighLights
चंडीगढ़ में डेंगू के 24 मामले सामने आए।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी।
नियमित सफाई करें, मुफ्त जांच कराएं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मौसम में बदलाव के साथ चंडीगढ़ में ठंड का अहसास होने लगा है। पंखे और कूलरों की हवा भी कम हो गई, लेकिन अब डेंगू का मच्छर नींद उड़ा रहा है।
शहर में डेंगू के अब तक 24 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने घरों, छतों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की है।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे कूलर, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकियों और अन्य बर्तनों की नियमित सफाई करें। बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। डेंगू की निशुल्क जांच पीजीआई के वायरोलाॅजी विभाग, जीएमसीएच-32 के माइक्रोबायोलाॅजी विभाग और जीएमएसएच-16 के माइक्रोबायोलाॅजी विभाग में उपलब्ध है।
इन बातों का रखें ध्यान
- घर, कार्यालय, स्कूल और आसपास के स्थानों पर पानी जमा न होने दें।
- टूटे बर्तन, बोतलें, गमले और अन्य सामान छतों या खुले स्थानों पर न छोड़ें।
- इस्तेमाल में न होने पर कूलर में पानी जमा न रहने दें।
- गमलों के नीचे पानी जमा करने वाली प्लेटें न रखें।
- टायरों को घरों, दुकानों और गोदामों के बाहर जमा न करें।
- नारियल के खोल, डिस्पोजेबल गिलास, कप और प्लेट खुले में न फेंकें।
- डेंगू के मरीज को डाक्टर की सलाह के बिना एस्पिरिन या ब्रूफेन न दें। इन दवाओं से रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है।
