यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चंडीगढ़ में नाबालिग ने की चोरी, बोला- मुझे भूख लगी थी, मैं खाना खाने के लिए घुसा था, पैसे दिखे तो उठा लिए
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने अपना जुर्म कबूल किया है। नाबालिग ने बताया कि वह रेस्टोरेंट में चोरी की ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-38 स्थित सब-वे रेस्टोरेंट में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने चोर को भी पकड़ लिया है। रेस्टोरेंट में चोरी करने वाला एक नाबालिग है, जिसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। सब-वे रेस्टोरेंट में मंगलवार रात 15 हजार रुपये की चोरी हुई थी। चोर रेस्टोरेंट के शटर का ताला तोड़ अंदर घुसा था।
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने अपना जुर्म कबूल किया है। नाबालिग ने बताया कि वह रेस्टोरेंट में चोरी की नीयत से नहीं घुसा था, उसे भूख लगी थी। इसलिए उसने कुछ खाने के लिए रेस्टोरेंट का ताला तोड़ा था। जैसे ही वह अंदर घुसा तो खाने पीने की चीजें ढूंढने लगा। तभी उसकी नजर कैश काउंटर पर पड़ी, जो कि खुला ही था। नाबालिग ने बताया कि पहले उसने पेट भरने के लिए कुछ खाना खाया और फिर वहां से जाते हुए कैश काउंटर पर पड़े 15 हजार रुपये भी उठा लिए।
मामले में दूसरे दिन शिकायत मिलने पर थाना पुलिस ने नाबालिग को काबू कर लिया। इस मामले में सब-वे इंचार्ज कुलदीप सिंह की शिकायत पर पहुंची सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच के आधार पर केस दर्ज किया था। एरिया में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने और संदिग्ध से पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया तो उसने अपना गुनाह पुलिस के सामने कबूल कर लिया।
जानकारी के अनुसार सब-वे के शिफ्ट इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि मंगलवार की रात वह रेस्टोरेंट बंद कर घर गए थे। रेस्टोरेंट में चार कर्मचारी काम करते हैं। दूसरे दिन सुबह आने पर देखा कि रेस्टोरेंट का शटर का ताला टूटा हुआ था। वहीं अंदर कैश काउंटर से 15 हजार नकदी और दस्वावेज गायब थे।
एएसपी साउथ मृदुल के निर्देशानुसार सेक्टर-39 थाना प्रभारी इरम रिजवी के सुपरविजन में सब इंस्पेक्टर मेजर सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार की टीम ने चोरी करने वाले नाबालिग को पकड़ा गया है। आरोपित को जुवेनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
