चंडीगढ़ जिला अदालत में कैंटीन संचालक ने जहर निगलकर दी जान, वकील पर अपमानित करने का आरोप
चंडीगढ़ जिला अदालत में एक कैंटीन संचालक ने वकील द्वारा अपमानित किए जाने के आरोप के बाद जहर निगल लिया, ...और पढ़ें

कैंटीन के संचालक ने जहर निगलकर दी जान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
अदालत की छुट्टी के बावजूद खाना तैयार करने पहुंचा।
मृतक के बेटे ने वकील पर गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। जिला अदालत परिसर की तीसरी मंजिल पर सोमवार दोपहर यादव कैंटीन के संचालक ने जहर निगल लिया। गंभीर हालत में उन्हें सेक्टर-32 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय राम मिलन यादव के रूप में हुई है।
उनके बेटे अनिल यादव ने जिला अदालत में चैंबर नंबर 324 के मालिक वकील एसपी बंसल पर पिता को अपमानित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सेक्टर-36 थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। मलोया निवासी अनिल यादव के अनुसार सोमवार को जिला अदालत में छुट्टी थी।
उनके पिता सोमवार को कैंटीन में बनने वाले खाने की तैयारी करने के लिए दोपहर करीब दो बजे अदालत परिसर पहुंचे थे। उस समय अनिल उनके साथ नहीं थे। कुछ देर बाद उन्हें जिला अदालत से एक वकील का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनके पिता कैंटीन के बाहर बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
सूचना मिलने पर अनिल अदालत परिसर पहुंचे और पिता को अपनी गाड़ी से सेक्टर-32 स्थित अस्पताल ले गए। वहां उनका उपचार शुरू किया गया, लेकिन शाम को उनकी मौत हो गई। डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बेटे का आरोप, विवाद के दौरान पिता को किया गया अपमानित
अनिल यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनके पिता ने उन्हें घटना के बारे में बताया था कि लाल टी स्टाल से पवन चाय लेकर वकील एसपी बंसल के चैंबर में गया था। वहां किसी गलतफहमी को लेकर वकील बंसल और पवन के बीच बहस हो गई।
अनिल के मुताबिक, उनके पिता विवाद सुलझाने के लिए बीच में गए थे। इसी दौरान वकील ने उन्हें अपशब्द कहे। अनिल ने यह भी आरोप लगाया कि चैंबर में मौजूद वकील की बेटी को लेकर उनके पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।
बेटे का दावा है कि इस घटना से उनके पिता को गहरा मानसिक आघात पहुंचा और उन्होंने कैंटीन के अंदर जहरीला पदार्थ निगल लिया। मृतक के बेटे ने वकील एसपी बंसल को अपने पिता की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
