विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में अनुकंपा आधार पर नौकरी के आधे से ज्यादा आवेदन रद, चार पर विवाद और सिर्फ छह को ही मंजूरी

Published: Sun, 25 Oct 2026 12:54 PM (IST)

चंडीगढ़ प्रशासन ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी के आवेदनों की छंटनी शुरू की है। एपेक्स कमेटी ने 28 में ...और पढ़ें

अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए छह आवेदनों को मंजूरी। (एआई जनरेटेड फोटो)

अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए छह आवेदनों को मंजूरी। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. एपेक्स कमेटी की दूसरी बैठक में 28 आवेदनों की जांच।

  2. 1 जनवरी 2021 के बाद दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों पर निर्णय।

  3. आर्थिक स्थिति और आश्रितों के आधार पर मूल्यांकन।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सरकारी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की प्रक्रिया में चंडीगढ़ प्रशासन ने आवेदनों की छंटनी शुरू कर दी है।

सेक्रेटरी ऑफ एजुकेशन प्रेरणा पुरी की अध्यक्षता में हुई एपेक्स कमेटी की दूसरी बैठक में 28 आवेदनों की जांच की गई, जिसमें से 18 खारिज कर दिए गए और सिर्फ छह के नाम नौकरी के लिए सिफारिश किए गए हैं।

कमेटी ने जिन छह आवेदकों के नामों की सिफारिश की है, उनमें विधवाओं, नाबालिग बच्चों और अन्य आश्रित सदस्यों वाले परिवार शामिल हैं। आवेदकों को दिए गए अंकों में परिवार की आर्थिक स्थिति और उन पर निर्भर सदस्यों की जिम्मेदारियों को ध्यान में रखा गया। चार आवेदनों को लेकर अभी विवाद बना हुआ है।

कमेटी में सेक्रेटरी स्वप्निल एम नाइक, स्पेशल सेक्रेटरी फाइनेंस अनुराधा एस चगती, लीगल रिमेंबरेंसर सूर्य चंदर कांत, ज्वाइंट सेक्रेटरी नीतिश सिंगला और सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर नवीन शामिल रहे। बैठक में एक जनवरी 2021 के बाद दिवंगत हुए सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों के आवेदनों की पड़ताल की गई।

इससे पहले 16 अक्टूबर 2026 को हुई पहली बैठक में आवेदकों की संपत्ति, पेंशन और वैवाहिक स्थिति से संबंधित दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासन ने वर्ष 2025 में जारी सर्कुलर और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के वर्ष 2022 के निर्देशों के अनुरूप 115 अंकों की मेरिट प्रणाली के आधार पर आवेदनों का आकलन किया। नियमित ग्रुप-सी पदों पर सीधी भर्ती के पांच प्रतिशत कोटे के तहत अधिकतम 50 पद उपलब्ध हैं।

इन छह आवेदकों के नामों की सिफारिश

सोनिया (77 अंक): क्लर्क सुरेंद्र सिंह क्लर्क की पत्नी। विधवा हैं और उनकी एक नाबालिग बेटी है। पारिवारिक पेंशन के अतिरिक्त आय या संपत्ति नहीं होने का उल्लेख है।

संजू (68 अंक): जूनियर असिस्टेंट दिनेश की पत्नी। दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी है। टर्मिनल बेनिफिट्स से खरीदी गई संपत्ति के अलावा अन्य संपत्ति नहीं होने की जानकारी दी गई।

रतिंदर कौर (60 अंक): वार्डर इंदरजीत शर्मा की पत्नी। परिवार में दो अविवाहित बेटियां और एक नाबालिग बेटा हैं।

रोहित मलिक (58 अंक): कंडक्टर रजनीश सिंह के बेटे। परिवार में दादी, मां और अविवाहित बहन की जिम्मेदारी है।

सोनम (48 अंक): सीनियर असिस्टेंट चंदर शेखर की पत्नी। उनकी दो नाबालिग बेटियां हैं।

सुनेहा पुहल (48 अंक): चौकीदार विनोद कुमार चौकीदार की बेटी। परिवार में मां और छोटी बहन आश्रित हैं।