चंडीगढ़ में सीबीआई के डीएसपी सुरेंदर सिंह भुल्लर को राष्ट्रपति पुलिस मेडल
सुरेंदर सिंह भुल्लर वर्तमान में चंडीगढ़ सीबीआई की एंटी करप्शन विंग में तैनात हैं। विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस मेडल दिया गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए स्वतंत्रता दिवस पर डीएसपी सीबीआई सुरेंदर सिंह भुल्लर को राष्ट्रपति पुलिस मेडल दिया जा रहा है। सुरेंदर सिंह भुल्लर वर्तमान में चंडीगढ़ सीबीआई की एंटी करप्शन विंग में तैनात हैं। डीएसपी सुरेंदर कुमार भुल्लर मूल रूप से पोंटा साहिब स्थित गांव बद्रीपुर के रहने वाले हैं। दिल्ली में दो अलग-अलग पोस्टिंग में उन्होंने 15 साल सराहनीय सेवा दी है। वह 2003 से 2010 तक एसीबी में तैनात रहे हैं। इसके बाद अप्रैल 2017 में चंडीगढ़ सीबीआई यूनिट में डीएसपी की पोस्ट पर कार्यभार संभाला है।
बुड़ैल जेल के आईजी ओमवीर सिंह को भी पुलिस मेडल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस के डीआईजी और बुड़ैल जेल के आईजी ओमवीर सिंह को भी सराहनीय सेवाओं के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रपति राम नाथ कोबिंद सम्मानित करेंगे। आईपीएस ओमवीर सिंह ने चंडीगढ़ में डीआईजी के रूप में तैनात रहते हुए उन्होंने शहर के नागरिकों के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में अपनी तरह की पहली परियोजना 'ईआरएसएस' डायल 112 और ई-बीट बुक सिस्टम स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आईजी जेल चंडीगढ़ के रूप में समग्र जेल कामकाज को सुव्यवस्थित करना भी उनकी बड़ी उपलब्धि रही है। जेल प्रशासन में सुधार और कैदियों की रिहाई के बाद उनका पुनर्वास आईपीएस ओमवीर सिंह की बड़ी पहल रही हैं।