चंडीगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस बीट बाॅक्स के पास से ही गन प्वाॅइंट पर लूटी कार
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के पास दो हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार से गन प्वाॅइंट पर उसकी ...और पढ़ें

सेक्टर-46 में हथियारबंद युवकों ने दुकानदार से लूटी कार। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में गन प्वाइंट पर कार लूटी गई।
पुलिस बीट बॉक्स के पास हुई वारदात, सुरक्षा पर सवाल।
दो हथियारबंद युवकों ने दुकानदार से स्विफ्ट डिजायर छीनी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। जिस पुलिस बीट बाॅक्स का मकसद इलाके में पुलिस की मौजूदगी का एहसास करवाना और अपराधियों पर नजर रखना है, उसी के सामने बदमाश गन प्वाॅइंट पर कार लूटकर फरार हो गए।
सेक्टर-46 में वीरवार रात करीब 11:15 बजे दो हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार छीन ली। वारदात मुख्य सड़क पर बीट बाक्स से महज कुछ दूरी पर हुई।
पीड़ित का दावा है कि जिस समय बदमाश उसे हथियार दिखाकर धमका रहे थे, उस समय बीट बाक्स पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ऐसे में सवाल है कि जब पुलिस बीट बाॅक्स के सामने ही नागरिक सुरक्षित नहीं, तो उस बूथ की मौजूदगी का फायदा क्या है।
बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भागने में भी देर नहीं लगाई। पीड़ित ने एक राहगीर की मदद से आरोपितों का सेक्टर-45 तक पीछा किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सका।
आरोपित सेक्टर-45 की ओर निकल गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सामने बीट बाक्स, हाथ में पिस्तौल और सड़क पर लूट
बुड़ैल निवासी मोहन सेक्टर-46 में पुलिस बीट बाक्स के ठीक सामने अंडे, ब्रेड और दूध की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वीरवार रात करीब 11:15 बजे वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में सामान रख रहे थे।
इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराया, जबकि दूसरा कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। मोहन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों कार लेकर फरार हो गए।
वारदात के लिए बदमाशों को न किसी सुनसान जगह की जरूरत पड़ी और न ही अंधेरे रास्ते की। उन्होंने मुख्य सड़क पर, पुलिस बीट बाॅक्स के सामने ही कार लूट ली।
बूथ पर पुलिसकर्मी नहीं था तो निगरानी कौन कर रहा था
मोहन का आरोप है कि वारदात के समय बीट बाॅक्स पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि रात करीब 11:35 बजे गश्त कर रहे एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देने की सलाह दी।
इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। अब सवाल केवल कार लूट का नहीं, बल्कि बीट बाॅक्स की निगरानी व्यवस्था का भी है। क्या उस समय बूथ पर पुलिसकर्मी की ड्यूटी थी, यदि थी, तो वह कहां थे?
