विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बॉटेनिकल गार्डन में एंट्री फीस क्यों? लोगों से सैर का सुख छीन रहा चंडीगढ़ प्रशासन; बड़े स्तर पर विरोध शुरू

Published: Mon, 19 Oct 2026 02:27 PM (IST)

चंडीगढ़ प्रशासन ने सारंगपुर बॉटेनिकल गार्डन में 1 नवंबर से 10-20 रुपये प्रवेश शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। इस ...और पढ़ें

प्रशासन ने बॉटेनिकल गार्डन के बाहर लगाया एंट्री फीस का बोर्ड।

प्रशासन ने बॉटेनिकल गार्डन के बाहर लगाया एंट्री फीस का बोर्ड।

HighLights

  1. बॉटेनिकल गार्डन में 1 नवंबर से प्रवेश शुल्क लागू।

  2. स्थानीय निवासी और यूथ कांग्रेस कर रहे हैं विरोध।

  3. सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने लिया है यह निर्णय।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। प्रशासन ने सारंगपुर स्थित बॉटेनिकल गार्डन में 10 से लेकर 20 रुपये तक एंट्री फीस लगाने जा रहा है। यह फैसला एक नवंबर से लागू होना है, लेकिन उससे पहले ही बड़े स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। 

गार्डन की सीमा खुड्डा लाहौरा कॉलोनी, सारंगपुर और धनास की ओर लगती है। इन एरिया में रहने वाले लोगों को सैर का सुख छिन जाने का डर है। यही वजह है कि लोग प्रशासन के फैसले के विरोध में उतर आए हैं।

वहीं, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता और दीपक जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के विरोध में आवाज उठाई। इस दौरान ललित चनालिया, देविंदर राजभर और उमाशंकर यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

संगठन ने कहा कि बोटैनिकल गार्डन शहर के लोगों के लिए प्रकृति के बीच समय बिताने और सैर करने का महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में प्रवेश शुल्क लगाने से नियमित रूप से यहां आने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।

प्रशासन का सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान

176 एकड़ में फैले बॉटेनिकल गार्डन में औषधीय पौधों, कैक्टस हाउस, बोन्साई वर्ल्ड और झील आकर्षण का केंद्र है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गार्डन में शरारती युवकों और नशा करने वालों के बैठे रहने की शिकायत की थी।

इसके बाद प्रशासन ने गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एंट्री फीस लगाने का निर्णय लिया है। सामान्य पर्यटकों के लिए 20 रुपये, 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।