विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा ने लिया चंडीगढ़ निगम चुनाव में सभी वार्डों में जीत का संकल्प, दिग्गजों की मौजूदगी में जानें क्या बनी रणनीति?

Published: Sun, 25 Oct 2026 04:57 PM (IST)

भाजपा ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करने का संकल्प लिया है। पार्टी ने ...और पढ़ें

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में हुई बैठक।

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में हुई बैठक।

HighLights

  1. नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश।

  2. बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर।

  3. जनसंपर्क अभियान तेज कर विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करने का संकल्प लिया गया।

पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने की।

बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती, जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई। प्रदेश स्तर से लेकर शक्ति केंद्र प्रमुख तक के पदाधिकारी इसमें शामिल हुए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बूथ स्तर पर मजबूत होगा संगठन

महेंद्र पांडे ने कार्यकर्ताओं से सामूहिक जिम्मेदारी के साथ संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के माध्यम से लोगों से जुड़ने पर जोर दिया।

पार्टी ने पिछली चुनावी चुनौतियों से सीख लेकर बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका देने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने भी जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने, नागरिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ काम करने की आवश्यकता बताई।

विकास कार्यों पर राजनीतिक प्रस्ताव

बैठक में ‘राष्ट्र निर्माण, सुशासन एवं विकसित चंडीगढ़’ विषय पर राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का अभिनंदन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का उल्लेख किया गया।

प्रस्ताव में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यावरण, आवास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के मकानों में नीड-बेस्ड बदलावों और वायलेशन से संबंधित समस्याओं के व्यावहारिक समाधान का मुद्दा भी प्रस्ताव में शामिल रहा।

जनविश्वास को बताया पार्टी की पूंजी

प्रस्ताव में कहा गया कि जनता का विश्वास पार्टी की महत्वपूर्ण पूंजी है। नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को प्राथमिकता देनी होगी। आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए स्थानीय समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए निरंतर काम करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की शुरुआत से पहले कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। इसके बाद दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ कार्यवाही शुरू हुई।

पिछले एक वर्ष में दिवंगत हुए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु ने भी संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार रखे। अंत में प्रदेश महामंत्री संजीव राणा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।