विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने वाॅटर कैनन चलाया

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:05 PM (IST)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री मोदी और उनके दिवंगत पिता पर कथित टिप्पणी के विरोध में चंडीगढ़ भाजपा ने ...और पढ़ें

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाॅटर कैनन का इस्तेमाल किया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाॅटर कैनन का इस्तेमाल किया।

HighLights

  1. खरगे की टिप्पणी पर चंडीगढ़ भाजपा का प्रदर्शन।

  2. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का प्रयोग किया।

  3. भाजपा नेताओं ने व्यक्तिगत हमलों की निंदा की।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को चंडीगढ़ भाजपा ने प्रदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम से कांग्रेस भवन की ओर मार्च निकाला। सेक्टर-34 से होते हुए प्रदर्शनकारी सेक्टर-35 की तरफ बढ़े तो आकाशवाणी केंद्र के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

कांग्रेस भवन की ओर जाने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने की कोशिश करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाॅटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और कथित टिप्पणी पर नाराजगी जताई।

भाजपा के प्रदेश महासचिव रामवीर भट्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन किसी के परिवार और दिवंगत पिता को निशाना बनाना भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

राजनीतिक दलों को विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विचारों, नीतियों और जनसेवा के आधार पर होनी चाहिए।

सरकार की नीतियों की तथ्यों और तर्कों के आधार पर आलोचना की जा सकती है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद का स्तर प्रभावित होता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की अपील की।

प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पंचाल, इंदिरा सिंह और देविंदर बबला, प्रदेश महासचिव संजीव राणा, शक्ति प्रकाश देवशाली, मीडिया समन्वयक रवि रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभय झा, जिला अध्यक्ष रविंदर मलिक सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।