चंडीगढ़ सेक्टर-17 में बेसमेंट की दीवार गिरी, मच गया हड़कंप; पंजाब ADGP जेल कार्यालय करवाया खाली
चंडीगढ़ के सेक्टर-17ए स्थित बैंक स्क्वायर में एक बिल्डिंग की बेसमेंट की दीवार गिरने से हड़कंप मच गया। एहतियात के ...और पढ़ें

चंडीगढ़ सेक्टर-17ए स्थित बैंक स्क्वायर में गिरी बेसमेंट की दीवार।
HighLights
चंडीगढ़ सेक्टर-17ए स्थित बैंक स्क्वायर में हुआ हादसा।
पंजाब एडीजीपी जेल कार्यालय सहित दो एससीओ खाली कराए।
इमारत की सुरक्षा के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियर जांच करेगा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-17ए स्थित बैंक स्क्वायर में सोमवार को बिल्डिंग की बेसमेंट की दीवार का हिस्सा गिरने से हड़कंप मच गया। इससे साथ लगते एससीओ से जिनमें से एक में पंजाब एडीजीपी जेल का कार्यालय चलता है।
हादसा सुबह के समय हुआ। एससीओ नंबर 6-7 स्थित दीपक फोटोग्राफिक्स की दुकान की बेसमेंट में दीवार का एक हिस्सा गिरा मिला। दुकानदार करण अरोड़ा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहत की बात रही कि बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर दमकल विभाग और पुलिस के कर्मचारियों के अलावा संपदा विभाग की टीम भी पहुंची। एसडीएम सेंट्रल खुशप्रीत कौर भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
एहतियात के तौर पर घटनास्थल वाले एससीओ नंबर 6-7 के साथ लगते एससीओ नंबर 8-9 को भी खाली करा दिया गया। एससीओ 8-9 में पंजाब एडीजीपी जेल का कार्यालय चलता है। दोनों इमारतों को फिलहाल खाली करवा दिया गया है ताकि लोगों की आवाजाही से दूर रखा जाए।
पानी के रिसाव से मिट्टी कमजोर होने की आशंका
दुकानदार करण अरोड़ा के अनुसार, आसपास की इमारत में लंबे समय से सीलन और पानी के रिसाव की समस्या बनी हुई थी। उनका कहना है कि पानी के कारण बेसमेंट में नींव और दीवार के आसपास की मिट्टी कमजोर हो गई।
इसके बाद मिट्टी का एक हिस्सा ढहने से दीवार पर दबाव बढ़ा और दीवार का हिस्सा गिर गया। हालांकि, प्रशासन ने दीवार गिरने का कारण अभी तय नहीं किया है। वास्तविक कारण स्ट्रक्चरल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
गिरे हिस्से के आसपास लगाई फेंसिंग
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। किसी अन्य व्यक्ति के वहां पहुंचने और संभावित खतरे को देखते हुए गिरे हुए हिस्से के आसपास फेंसिंग कर दी गई है। प्रशासन ने फिलहाल क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी है।
स्ट्रक्चरल इंजीनियर करेगा जांच
एसडीएम सेंट्रल खुशप्रीत कौर ने बताया कि दोनों इमारतों की सुरक्षा को लेकर स्ट्रक्चरल इंजीनियर से विस्तृत असेसमेंट कराया जाएगा। जांच में भवन की नींव, दीवारों और अन्य संरचनात्मक हिस्सों की स्थिति देखी जाएगी।
प्रशासन जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे का फैसला लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रक्चरल इंजीनियर की रिपोर्ट में इमारत को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही दोनों एससीओ को दोबारा खोलने की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन की टीम मंगलवार सुबह फिर मौके पर पहुंचेगी और स्थिति का दोबारा निरीक्षण करेगी। इसके बाद जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।डीसी निशांत यादव ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है ।
