चंडीगढ़ में अवैध वेंडर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नया गांव बैरियर और बुड़ैल समेत 12 जगह सड़कें कराई खाली
चंडीगढ़ नगर निगम ने पुलिस के साथ मिलकर रविवार को शहर भर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस तीन-चरणीय अभियान ...और पढ़ें

अवैध वेंडर्स का सामान जब्त किया गया।
HighLights
नगर निगम और पुलिस टीम का संयुक्त अभियान।
12 से अधिक हॉटस्पॉट से अवैध वेंडर्स हटाए गए।
अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, 153 चालान काटे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम की टीम ने पुलिस के सहयोग से रविवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान तीन चरणों में सुबह 10 बजे से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा।
12 से ज्यादा हॉटस्पॉट एरिया में एक साथ कार्रवाई की। सड़कों के किनारे से रेहड़ी-फड़ियां हटने से लोगों ने राहत की सांस ली। अभियान के लिए 8 सब-इंस्पेक्टरों (एसआई) की ड्यूटी लगाई गई थी, जिनके नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई गईं।
अवैध वेंडर्स और रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान जब्त किया गया और 153 चालान काटे गए। निगम अफसरों के अनुसार यह अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कहीं भी विरोध या टकराव की स्थिति नहीं बनी।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन से पहले शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। खासकर अस्पतालों, टूरिस्ट प्लेस और मार्केट के आसपास अवैध वेंडिंग को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तीन चरणों में चला अभियान
अभियान का फोकस उन जगहों पर था, जहां से सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही थीं। सेक्टर-22, सेक्टर-37, सेक्टर-38, सेक्टर-26 की मंडी, सेक्टर-41, रॉक गार्डन के बाहर, सुखना लेक, नया गांव बैरियर के पास,पीजीआई गेट, सेक्टर-46, बुड़ैल और सेक्टर-20 में अतिक्रमण हटाया गया।
सुबह के पहले चरण में सेक्टर-22 और 26 में कार्रवाई हुई, जहां फुटपाथ पर कब्जा कर सामान बेचने वालों के चालान काटे गए। उनका सामान भी जब्त किया गया।
दोपहर के दूसरे चरण में लेक, रॉक गार्डन और PGI गेट जैसे पर्यटक स्थलों से अतिक्रमण हटाया गया। शाम के तीसरे चरण में सेक्टर-37, 38, 46 और बुड़ैल में रात को लगने वाले खाने-पीने के अवैध खोखों को हटाया गया।
