इंदौर के लिए रोजाना फ्लाइट, शारजाह की सीधी उड़ान; कल से बदलेगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल
शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मोहाली-चंडीगढ़ का विंटर फ्लाइट शेड्यूल सोमवार से लागू होगा, जो 28 मार्च 2027 तक चलेगा। ...और पढ़ें

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू रूट्स पर उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
विंटर शेड्यूल में कई रूटों पर बढ़ेगी फ्लाइट संख्या।
इंदौर, मुंबई, अबू धाबी के लिए उड़ानों में वृद्धि।
नया शेड्यूल 28 मार्च 2027 तक लागू रहेगा।
जागरण संवाददाता, मोहाली। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट चंडीगढ़ से सोमवार से विमानों की आवाजाही का शेड्यूल बदल जाएगा। नया विंटर फ्लाइट शेड्यूल 28 मार्च 2027 तक लागू रहेगा। सर्दियों के इस शेड्यूल में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू रूट्स पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ नए कनेक्शन भी जोड़े गए हैं।
करीब तीन साल बाद चंडीगढ़ से शारजाह की सीधी उड़ान बहाल होगी। वहीं, इंदौर, मुंबई, अबू धाबी, बेंगलुरु और गोवा जाने वाले यात्रियों को भी उड़ानों के अधिक विकल्प मिलेंगे। नए शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट पर आधी रात के बाद भी विमानों का संचालन जारी रहेगा।
विंटर शेड्यूल की प्रमुख विशेषताओं में चंडीगढ़-शारजाह सीधी उड़ान की बहाली शामिल है। यह सेवा सोमवार, मंगलवार, वीरवार और शनिवार को संचालित होगी। चंडीगढ़ से विमान दोपहर 1:50 बजे रवाना होकर शाम 5:50 बजे शारजाह पहुंचेगा।
वापसी में शारजाह से उड़ान शाम 5:50 बजे चलेगी और रात 11:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस रूट पर एक तरफ का किराया करीब 17,820 रुपये बताया गया है।
मुंबई, इंदौर और अबू धाबी के लिए बढ़ेंगी उड़ानें
नए शेड्यूल में इंदौर के लिए सप्ताह में तीन दिन के बजाय रोजाना उड़ान उपलब्ध होगी। मुंबई के लिए प्रतिदिन उड़ानों की संख्या तीन से बढ़ाकर चार की जाएगी। चंडीगढ़-अबू धाबी रूट पर भी उड़ानों की संख्या सप्ताह में तीन से बढ़ाकर छह की जा रही है।
इसके अलावा, चंडीगढ़-लेह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। इन बदलावों से यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे।
बेंगलुरु और गोवा के लिए नई समय-सारिणी
बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी एक दिसंबर से उपलब्ध होगी। बेंगलुरु से चंडीगढ़ आने वाली उड़ान रविवार को छोड़कर रोजाना सुबह 7:25 बजे रवाना होकर 10:25 बजे पहुंचेगी।
छह दिसंबर से रविवार की उड़ान दोपहर 2:20 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर शाम 5:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से बेंगलुरु के लिए विमान शाम 5:55 बजे रवाना होकर रात 9:10 बजे पहुंचेगा।
गोवा के दक्षिणी हिस्से के लिए चंडीगढ़ से नान-स्टाप उड़ान सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे पहुंचेगी। वापसी में विमान दोपहर 2:30 बजे गोवा से उड़ान भरकर शाम 5:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा। यह सेवा रविवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिनों में चलेगी। विंटर शेड्यूल में पटना को भी चंडीगढ़ से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
आधी रात के बाद भी जारी रहेगा संचालन
नए शेड्यूल के अनुसार चंडीगढ़ से बेंगलुरु के लिए आखिरी उड़ान रात 12:35 बजे रवाना होगी। वहीं, मुंबई से आने वाली आखिरी उड़ान रात 12:20 बजे एयरपोर्ट पहुंचेगी।
इस तरह सर्दियों के दौरान एयरपोर्ट पर देर रात तक विमानों की आवाजाही बनी रहेगी। यात्रियों को सलाह है कि टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान के दिन और समय की पुष्टि कर लें।
