चंडीगढ़ प्रशासक ने दो अधिकारियों के लिए मांगी 3 महीने एक्सटेंशन, होम मिनिस्ट्री को लिखी चिट्ठी
यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने होम मिनिस्ट्री को चिट्ठी लिखकर हरियाणा कैडर के 1992 बैच के अधिकारी एके गुप्ता और पंजाब कैडर के 2003 बैच के अधिकारी केके यादव के लिए तीन महीने की एक्सटेंशन मांगी है।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में कमजोर न पड़े इसके लिए प्रशासन ने प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम अरुण कुमार गुप्ता और नगर निगम कमिश्नर कमल किशोर यादव के लिए तीन महीने की एक्सटेंशन मांगी है। इन दोनों अधिकारियों का तीन साल का कार्यकाल इसी महीने के आखिर में खत्म हो रहा है। यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने होम मिनिस्ट्री को चिट्ठी लिखकर हरियाणा कैडर के 1992 बैच के अधिकारी एके गुप्ता और पंजाब कैडर के 2003 बैच के अधिकारी केके यादव के लिए तीन महीने की एक्सटेंशन मांगी है।
इसका कारण यह है कि कोरोना से आर-पार की लड़ाई चल रही है। हेल्थ डिपार्टमेंट और नगर निगम का इस लड़ाई में अहम रोल है। यह दोनों ही अधिकारी इस लड़ाई में अहम भूमिका निभाते हुए अग्रिम पंक्ति में रहे हैं। पिछले साल का अनुभव भी है। कोई नया अधिकारी आता है तो उसे शहर और सिस्टम समझने में समय लग जाएगा। इस समझने की प्रक्रिया में शहर का नुकसान हो सकता है। इसको देखते हुए प्रशासन चाहता है कि इन दोनों अधिकारियों के अनुभव का फायदा शहर को मिले। इसलिए दोनों का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ा दिया जाए। हो सकता है तीन महीने में कोरोना का पीक लेवल आने के बाद केस काफी कम हो जाए।
बता दें कि हरियाणा सरकार ने नए होम सेक्रेटरी के लिए तीन अधिकारियों का पैनल भेजा था। इस पैनल में 2000 बैच के नितिन कुमार गुप्ता, 2000 बैच के रवि पंकज अग्रवाल और 2003 बैच के विनय सिंह का नाम शामिल है। वहीं नगर निगम कमिश्नर के लिए अनंदिता मित्रा, अमित कुमार और राजीव पराशर का नाम एमसी कमिश्नर के लिए भेजा था। इस समय मौजूदा प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम एके गुप्ता शहर के सबसे पावरफुल अधिकारी हैं। उनके पास होम हेल्थ जैसे विभागों के साथ फाइनल और एस्टेट जैसे विभाग भी हैं। उनके पास सबसे अधिक विभाग हैं। इसी तरह से कमिश्नर केके यादव के पास सेक्रेटरी रूरल डेवलपमेंट, सेक्रेटरी स्पोर्ट्स, सीईओ स्मार्ट सिटी का चार्ज भी है।