बचे प्रवासियों को वापस भेजने के लिए ट्रेन चलाने की प्लानिंग, रेलवे और राज्य सरकारों से चल रही है बात
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा। चंडीगढ़ प्रशासन जिलों से संबंधित सूची तैयार कर रहा है।
चंडीगढ़ [वैभव शर्मा]। शहर से 1 मई से लेकर 28 मई तक करीब 39,667 श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजा गया है। उसके बावजूद जो प्रवासी लोग चंडीगढ़ में रह गए हैं उनके लिए भी ट्रेन चलाने की प्लानिंग चल रही है। शहर से बड़ी संख्या में प्रवासी लोगों ने पलायन किया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी प्रवासी लोगों को उनके गृह राज्य भेजने का निश्चय किया था, इसी कड़ी में श्रमिक स्पेशल ट्रेन को दोबारा चलाने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि अभी यह कहना मुश्किल है कि यह ट्रेन कब चलेगी लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 3 से 5 जून तक श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन लगातार रेलवे बोर्ड के संपर्क में बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के जिलों में भेजी जाएंगी ट्रेनें
प्रवासी लोगों को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा। इन दोनों राज्य के कौन-कौन से जिलों में प्रवासी लोग जाएंगे इसकी सूची तैयार की जा रही है।
चल रहा है बातचीत का दौर
सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ प्रशासन के आला अधिकारी और अंबाला मंडल के रेलवे अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर चल रहा है। उसके अलावा चंडीगढ़ प्रशासन और रेलवे अधिकारी संबंधित राज्यों के अधिकारियों के संपर्क में भी हैं।
बसों से भी भेजने की चल रही है प्लानिंग
जहां एक और प्रवासी लोगों को स्पेशल ट्रेन से भेजने की प्लानिंग चल रही है। वहीं, दूसरी ओर उन्हें भेजने के लिए बसों का भी सहारा लिया जा सकता है। फिलहाल चंडीगढ़ की ओर से इस बात पर विचार-विमर्श किया जा रहा है की बसों को कौन-कौन से जिलों के लिए चलाया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके ले सकते हैं रजिस्ट्रेशन की जानकारी
प्रवासी लोगों के रजिस्ट्रेशन के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 18001802067 जारी किया था। इस नंबर पर कॉल करके रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें