विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सड़कें सुधारने को पैसा नहीं, फाइव स्टार होटल में आयोजन...', चंडीगढ़ में AAP का भाजपा शासित नगर निगम पर निशाना

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:04 PM (IST)

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित नगर निगम पर फाइव-स्टार होटल में मेयरों के सम्मेलन पर सवाल उठाए हैं। जनता के पैसे की बर्बादी का आरोप लगाया है।

सेक्टर-9 में खोदाई के बाद भी सड़क बनाने का काम धीमा। लोग हो रहे परेशान।

सेक्टर-9 में खोदाई के बाद भी सड़क बनाने का काम धीमा। लोग हो रहे परेशान।

HighLights

  1. आप ने निगम पर फिजूलखर्ची का आरोप लगाया।

  2. सम्मेलन फाइव-स्टार होटल में होने पर उठे सवाल।

  3. निगम पर लोगों की समस्याओं पर धयान न देने का आरोप।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। फाइव-स्टार होटल माउंटव्यू में आयोजित दो दिवसीय ‘ऑल इंडिया मेयर्स काउंसिल’ के सम्मेलन पर आम आदमी पार्टी (आप) ने सवाल खड़े कर दिए हैं। आप प्रतिनिधियों ने भाजपा शासित नगर निगम पर निशाना साधते हुए इसे जनता के टैक्स के पैसे की फिजूलखर्ची करार दिया।

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विजय पाल सिंह समेत अन्य प्रतिनिधियों का कहना है कि चंडीगढ़ की सड़कें महीनों से खुदी पड़ी हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं, सीवरेज व्यवस्था बदहाल है और वार्डों के विकास के लिए पार्षदों को फंड की कमी बताई जाती है, वहीं दूसरी ओर आलीशान आयोजनों और मेहमाननवाजी पर सरकारी पैसा खर्च किया जा रहा है।

आप का कहना है कि जून 2026 में ऑल इंडिया मेयर्स काउंसिल की बैठक के नाम पर भाजपा के मेयर और प्रतिनिधि उत्तराखंड के ऋषिकेश गए थे और अब कुछ ही महीनों बाद इसी संस्था का सम्मेलन चंडीगढ़ में आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर निगम के पास शहर की बुनियादी समस्याओं को दूर करने के लिए पर्याप्त धन नहीं है, तो फाइव-स्टार होटल में ऐसे आयोजन करने पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करने का क्या औचित्य है। भाजपा जनता की गाढ़ी कमाई को विकास के बजाय आयोजनों और अपनी राजनीतिक ब्रांडिंग पर खर्च कर रही है।

यह भी पढ़ें- देशभर से मेयर पहुंचे चंडीगढ़, प्रशासक ने समझाया काम करने का तरीका; सुबह 5 बजे शहर में निकलने की दी सलाह

बुनियादी व्यवस्थाएं लगातार कमजोर हुई

आप ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में ‘सिटी ब्यूटीफुल’ की बुनियादी व्यवस्थाएं लगातार कमजोर हुई हैं। शहर की कई मुख्य और अंदरूनी सड़कें खराब हालत में हैं। सड़कों पर गड्ढे होने से वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि री-कार्पेटिंग और अन्य जरूरी विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है, जबकि नगर निगम की प्राथमिकता जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय वीआईपी आयोजनों पर दिखाई दे रही है।

नगर निगम को फाइव-स्टार आयोजनों और दिखावे के बजाय जनता की बुनियादी जरूरतों पर सरकारी धन खर्च करना चाहिए। इसी के विरोध में आम आदमी पार्टी के नगर निगम पार्षदों ने चंडीगढ़ में आयोजित मेयर सम्मेलन में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है।